मंडी में 24 हजार क्विंटल अनाज की हुई आवक
ललितपुर। नवीन गल्ला मंडी में मूंगफली, उड़द, सोयाबीन और मटर समेत अन्य प्रकार की जिंसों की बंपर आवक हो रही है। सोमवार को मंडी में 23 से 24 हजार क्विंटल उपज की आवक हुई। सुबह 10 बजे से ही मंडी के मुख्यद्वार के बाहर सड़क पर दोनों ओर ट्रैक्टर और अन्य वाहनों की कतार लगनी शुरू हो गई थी, जो दोपहर तक जारी रही।
वर्तमान में रबी फसलों की बुआई का सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में किसान खाद और बीज समेत अन्य संसाधनों को जुटाने की तैयारियों में जुट गए हैं। ऐसे में पैसों की आवश्यकता पर उपज लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। सोमवार को अधिक मात्रा में आवक हुई। स्थित यह रही कि वाहनों को मंडी में प्रवेश करने में दो-दो घंटा से अधिक समय लग गया। दुकानों पर पहुंचने के लिए जाम के झाम में जूझे। मंडी में अनाज ही अनाज नजर आया। मंडी के अंदर ही नहीं बाहर भी कतार लग गई। सुबह 10 बजे से अनाज से लदे ट्रैक्टर बिक्री के लिए आने लगे थे। दोनों को अधिक मात्रा में वाहन होने से कतार लग गई।
यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने में पुलिस को पसीना छूट गया। हालांकि, पुलिस ने दोनों ओर मंडी आने वाले वाहनों की कतार लगवा दी। इससे एक-एक कर लाइनों से वाहनों को मंडी में प्रवेश कराया। वहीं, अन्य वाहनों को सीधे जाने दिया। सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक कतार कम नहीं हुई। सड़क पर कतार देखकर कई तो इलाइट से रामनगर से खिरकापुरा होकर हाईवे पहुंचे।
यह रही मंडी में आवक की स्थिति
मंडी में आने वाली आवक में लगभग 60 फीसदी में मूंगफली आ रही है। लगभग 10 हजार क्विंटल मूंगफली की आवक हुई, जो 3500 से 4500 हजार रुपये क्विंटल तक बिक्री हुई। वहीं, पांच हजार क्विंटल सोयाबीन की आवक हुई, जो 4000 से 4300 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक्री हुई। गेहूं भी 5000 क्विंटल आया, जो 2750 से 2800 रुपये प्रति क्विंटल तक बिकी। उड़द 3000 क्विंटल आया, जो 6000 रुपये से 8000 क्विंटल तक बिका। मसूर और मटर और हरी मटर और मूंग समेत अन्य उपज की लगभग दो हजार क्विंटल उपज आई। अधिक आवक होने से मंडी में नीलामी चबूतरा के साथ ही सड़कों पर भी कारोबार हुआ।
इन दामों पर हुई अनाज की बिक्री
अनाज - दाम
मूंगफली - 3500-4500
उड़द - 6000-8000
मूंग - 5500-6000
सोयाबीन - 4000-4300
मसूर - 5800-6200
गेहूं - 2750-2800
मटर सफेद - 3500-3600
मटर हरी - 13000-15000
(आंकड़े रुपये प्रति क्विंटल में)