फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lalitpur: शराब दुकानों में तोड़फोड़ के मामले में 24 नामजद, पुलिस ने 10 को किया गिरफ्तार

Thu, 05 Feb 2026 12:17 AM IST
झांसी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ललितपुर

सार

मंगलवार को बड़ी संख्या में महिलाओं ने शराब की दुकानों में घुसकर तोड़फोड़ कर दी थी। शराब की पेटियों को भी सड़क पर फेंक कर नष्ट कर दिया था।
विज्ञापन
सड़क पर फैली शराब की बोतलें - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोतवाली महरौनी क्षेत्र के ग्राम खितवांस में देसी और अंग्रेजी शराब दुकानों में मंगलवार को की गई तोड़फोड़ के आरोप में ठेकेदार प्रदुम्न दुबे और रोहित राय की तहरीर पर पुलिस ने दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें 24 नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। शराब ठेकेदारों ने इस पूरी घटना के पीछे ग्राम प्रधान पर साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन


गांव से शराब की दुकानों हटाए जाने मांग कर रही महिलाओं ने मंगलवार की दोपहर दोनों दुकानों पर धावा बोल दिया। शटर के ताले तोड़कर अंदर घुसीं महिलाओं ने जमकर तोड़फोड़ की और दुकानों में रखी देसी व अंग्रेजी शराब तथा बीयर की पेटियों को बाहर निकालकर सड़क पर पटक दिया, जिससे सैकड़ों पेटियां नष्ट हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को रोकने का प्रयास किया लेकिन आक्रोशित भीड़ करीब एक से डेढ़ घंटे तक हंगामा करती रही। इस मामले में शराब के ठेकदारों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मंगलवार की देर रात दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है।


यह लगे हैं आरोप
देसी शराब के ठेकेदार प्रदुम्न दुबे ने तहरीर में आरोप लगाया कि मंगलवार को आरोपी लाठी-डंडों से लैस होकर दुकान पहुंचे और सेल्समैनों से दो-दो लाख रुपये की मांग की। रुपये न देने पर दुकान तोड़ने और ठेका न चलने देने की धमकी दी गई। आरोप है कि सेल्समैन तिलक परिहार के साथ मारपीट की गई, सीसीटीवी कैमरे और नकदी पेटी तोड़ दी गई तथा करीब 250 पेटी देसी शराब सड़क पर फेंककर नष्ट कर दी गई। आरोप है कि ग्राम प्रधान कमलेश झा ने पंचायत भवन में बैठक कर घटना की साजिश रची और भीड़ को उकसाया।
विज्ञापन


सीसीटीवी भी तोड़े
वहीं, अंग्रेजी कंपोजिट शराब दुकान के ठेकेदार रोहित राय ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने दुकान में घुसकर पांच सीसीटीवी कैमरे और बीयर फ्रिज तोड़ दिए। साथ ही सेल्समैन हितेंद्र कुमार राय व प्रवेंद्र राय के साथ मारपीट की गई तथा करीब 80 पेटी अंग्रेजी शराब, 100 पेटी बीयर और नकदी पेटी सड़क पर फेंककर नष्ट कर दी गई।


इन पर दर्ज हुई रिपोर्ट
पुलिस ने विक्रम, बलराम, निर्मल, सत्येंद्र, सुधीर, विनोद, मुन्ना खां, गजराम, संतोष, फूलचंद्र, अंकित, राहुल, जोधा, नीलू, धरमू, धनीराम, ललिता, गुलाबबाई, कमलेश, अंशुल, गुड्डी, भूरी, गीता व कमलेश झा निवासी ग्राम खितवांस सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

दस आरोपी गिरफ्तार
एसपी मोहम्मद मुश्ताक के निर्देश पर गठित तीन टीमों ने सत्येंद्र कुमार, विनोद, सुधीर, विक्रम, गजराम, निर्मल, बलराम, कमलेश, मुन्ना खां निवासी खितवांस तथा किशोरी निवासी सैदपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

देसी शराब की दुकान बंद, अंग्रेजी दुकान दोपहर में खुली
घटना के बाद बुधवार को गांव में शांति बनी रही। पुलिस लगातार गश्त करती रही। देसी शराब की दुकान बंद रही, जबकि अंग्रेजी शराब की दुकान पुलिस निगरानी में दोपहर बाद खोली गई।

शराब ठेकेदारों का आरोप ग्राम प्रधान ने मुनादी कराकर भीड़ की एकत्र
शराब की दुकानों में तोड़फोड़ की घटना के बाद ठेकेदारों में आक्रोश फैल गया। मंगलवार की रात शराब ठेकेदार एकत्र होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में ठेकेदारों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान ने उक्त घटना को अंजाम दिलाने के लिए पहले से योजना बनाई थी तथा गांव में मुनादी कराकर महिलाओं और पुरुषों को एकत्र किया गया। ठेकेदारों ने जिलाधिकारी से शराब दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की। इस दौरान अनिल जायसवाल, प्रदीप राय, कमलेश राय, शालिग्राम राय, भूपेंद्र, नन्हें दुबे, विशाल जायसवाल, बसंत राय, कन्हैयालाल राय सहित अन्य शराब ठेकेदार उपस्थित रहे।


खितवांस में शराब दुकानों में तोड़फोड़ और अवैध धन की मांग के मामले में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। अब तक दस आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - कालू सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें