700 परिवारों को मिलेगी राहत, सीडब्ल्यूआर निर्माण के लिए मिट्टी के सैंपल परीक्षण के लिए भेजे
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहर के तालाबपुरा क्षेत्र में 24 घंटे पेयजल आपूर्ति के लिए करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से जल्द ही परियोजना का कार्य शुरू किया जाएगा। इससे करीब 700 परिवारों को पानी मिलने लगेगा। परियोजना के लिए सीडब्ल्यूआर निर्मित कराने के लिए मिट्टी के सैंपल परीक्षण के लिए भेजे गए हैं। साथ में पाइप लाइन बिछाने के लिए सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इसके आने के बाद निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
नगर पालिका के वार्ड नंबर 21 मोहल्ला तालाबपुरा द्वितीय को पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत चयन किया गया था। प्रोजेक्ट में चयनित क्षेत्र में 24 घंटे पानी की आपूर्ति किए जाने का प्रावधान है। जल निगम नगरीय इकाई ने प्रस्ताव तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेजा था। इसमें 10 करोड़ के प्रस्ताव को शासन ने 2023 में स्वीकृति दे दी थी। इसकी टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो गई थी।
परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ जलाशय का निर्माण करने के लिए मिट्टी के सैंपल परीक्षण के लिए भेज दिए गए हैं। अब महज इसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, पाइप लाइन बिछाने के लिए सामग्री उपलब्ध हो गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मिट्टी की रिपोर्ट जल्द ही आने की संभावना है। नवंबर के पहले सप्ताह में कार्य शुरू किया जाएगा। इसे एक वर्ष में पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके साथ ही पेयजल आपूर्ति की जाएगी।
परियोजना पर एक नजर
- ओवरहेड टैंक - 02
- स्वच्छ जलाशय - 01
- डिस्ट्रीब्यूशन लाइन - 10 किलोमीटर
वर्जन
पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत कार्य शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में चल रही हैं। नवंबर के पहले सप्ताह तक कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - मुकेश पाल सिंह, अधिशासी अभियंता, जल निगम शहरी इकाई