ललितपुर। लगातार हो रही बारिश से सबस्टेशनों पर लगी ओसीबी व वीसीबी मशीनें खराब होने, हाइटेंशन लाइनें ब्रेक डाउन में होने और इंसुलेटर, डिस्क या केबल बक्सा फटने से जनपद के शहरी व ग्रामीण इलाकों में रात भर बिजली ठप रही। जिला अस्पताल के स्वतंत्र फीडर की हाइटेंशन लाइन में फाल्ट आने से 24 घंटे से आपूर्ति बाधित है। रोंड़ा स्थित 132 केवी हाइडिल से निकली 66 व 33 केवी लाइनों में बुधवार को तेज बारिश होने के कारण जगह-जगह फाल्ट होने से शहर समेत सैकड़ों ग्रामीण क्षेत्रों में रात भर अंधेरा पसरा रहा। जिला अस्पताल तक बिजली आपूर्ति के लिए बिछाई गई 33 केवी लाइन में बुधवार की शाम 5.20 बजे ग्राम सेवनी में केबल बक्सा फट गया, जिससे जिला अस्पताल और यहां बनी कालोनी की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
जानकारी मिलने पर विद्युत कर्मियों द्वारा लाइन की पेट्रोलिंग की गई, लेकिन तेज बारिश के कारण अधिक समय तक रात में पेट्रोलिंग नहीं की जा सकी। बृहस्पतिवार को सुबह होने पर विद्युत कर्मियों द्वारा फिर से पेट्रोलिंग शुरू की गई। ग्राम सेवनी के पास से निकली लाइन का केबल बक्सा बर्स्ट पाया गया। जिस पर अवर अभियंता पंकज मौर्य, छोटे लाल दुबे, तुलसीराम समेत अन्य विद्युत कर्मियों द्वारा बृहस्पतिवार की शाम चार बजे तक केबल बक्सा बदलकर आपूर्ति सुचारु की जा सकी। बाइपास सब स्टेशन की स्थिति और भी अधिक दयनीय रही। बुधवार की रात 11.50 बजे बाइपास सब स्टेशन को जाने वाली हाइटेंशन लाइन में फाल्ट होने के कारण कल्यानपुरा, मसौरा, निवाई, काशीराम कालोनी नदनवारा व शहर के फीडर नंबर दो के अंतर्गत आने वाले डेढ़ सैकड़ा गांव और शहर में आधा दर्जन मुहल्लों की बिजली ठप हो गई। रात में बारिश तेज होने के कारण फाल्ट को नहीं सुधारा जा सका। अगले दिन सुबह होने पर विद्युत कर्मियों द्वारा पेट्रोलिंग करके फाल्ट ठीक किया गया और बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े नौ बजे बिजली आपूर्ति सुचारु की जा सकी। वहीं फीडर नंबर दो की बिजली आपूर्ति बृहस्पतिवार को दोपहर 1.10 बजे सुचारु की गई।
नदनवारा, कल्यानपुरा फीडरों की सप्लाई शून्य
ललितपुर। बाइपास विद्युत सब स्टेशन पर स्थापित विभिन्न फीडरों की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से लड़खड़ा गई। इसके बाद भी विद्युत अधिकारियों द्वारा आम जनता की परेशानियों को नजरअंदाज किया जा रहा है। विभाग द्वारा पुरानी जर्जर मशीनों को बदलने के लिए अब तक कोई प्रक्रिया शुरू नहीं की गई। एक सप्ताह से अधिकांश फीडरों को तीन से चार दिनों में मात्र दज से तीन घंटे ही बिजली मिल सकी है। जबकि नदनवारा और कल्यानपुरा फीडर की विद्युत सप्लाई तीन से चार दिनों तक शून्य दर्शाई गई है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को नारकीय जीवन यापन करना पड़ रहा है।
सीएम के आदेश दरकिनार
ललितपुर। ईद के मौके पर प्रदेश शासन द्वारा पूरे प्रदेश में ईद के दिन से तीन दिन तक 24 घंटे बिजली आपूर्ति करने के आदेश जारी किए थे। लेकिन सीएम के आदेश को दरकिनार करते हुए जनपद में पनकी कंट्रोल के आदेश का हवाला देकर जमकर विद्युत रोस्टिंग की गई।