ललितपुर। जनपद में अलग-अलग हादसों व दुर्घटनाओं में कुल 23 लोगों की मौतें हुई हैं। वहीं अकेले तेज रफ्तार के कहर ने सड़क हादसों में एक बालिका समेत आठ लोगों की जानें चली गईं।
जनपद में बीते पांच दिनों में अलग-अलग जगह अकेले सड़क हादसों में ही आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें सात बाइक सवार थे। इनमें तीन बाइक सवारों की अपनी-अपनी रिश्तेदारी में शादी समारोह से लौटने के दौरान उनकी बाइकों में दूसरे वाहनों द्वारा टक्कर मारने की वजह से मौत हुई हैं। 19 जून को बानपुर क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हुई, तो राजघाट में बोलेरो के बाइक को टक्कर मारने से शादी समारोह से लौट रहे युवक की मौत हुई थी।
इसी प्रकार सुरईघाट के पास हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से ससुराल जा रहे बाइक सवार की मौत हो गई थी। वहीं 20 जून को महरौनी के ग्राम छायन में पेड़ से टकराकर बाइक सवार की मौत हुई। जबकि 21 जून को वाणाघाट के पास बाइक फिसलने से युवक की मौत हो गई और उसी दिन ग्राम मिर्चवारा में पेड़ से टकराकर बाइक सवार की मौत हो गई। वहीं बीते रोज 22 जून को कालापहाड़ के पास एक सर्राफ की बोलेरो से टकराकर और ग्राम मसौराकलां में एक बाइक की टक्कर से सड़क पर जा रही बालिका की मौत होने का मामला सामने आया। इसी प्रकार 22 जून को ही कस्बा बानपुर के आगे बाइक फिसलकर गिरने से युवक की मौत हो गई। इन सभी मामलों में तेज रफ्तार का कहर देखने मिला है। इसके अलावा दो फांसी, दो विषाक्त का सेवन करने, एक सांप के काटने और एक बिजली गिरने से मौत हुई है। जबकि एक किशोर की गड्ढे में गिरने एवं एक व्यक्ति की छत से गिरने से मौत हुई।