गणेश विसर्जन आज, हवन, पूजन के बाद होगी विदाई
गोविंद सागर बांध में कुंड की कराई गई मरम्मत
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। दस दिवसीय गणेश उत्सव के आखिरी दिन शहर में गणेश पांडालों में धूमधाम से पूजा अर्चना की गई। एक ओर जहां कटरा बाजार में लाल बाग के राजा की तर्ज पर गणेश प्रतिमा विराजमान की गई है तो वहीं शहर में अन्य मुहल्लों व गलियों में भी गणेश उत्सव को उत्साह के साथ मनाया गया। आज रविवार को गणेश विसर्जन होना है, इसके लिए नगर पालिका प्रशासन ने तैयारियां कर ली हैं और गोविंद सागर बांध में गणेश विसर्जन के लिए कुंड की मरम्मत भी कराई गई है, ताकि पानी अधिक होने के कारण यहां विसर्जन के दौरान भक्तों को कोई दिक्कत न हो।
शहर में दस दिनों में धार्मिक पर्व गणेश उत्सव की धूम रही। पहले दिन से गली मुहल्लों में गणेश उत्सव समितियों ने गणेश महोत्सव पर एक से बढ़कर एक आकर्षक दिखने वाली गणेश प्रतिमाएं पांडालों में विराजमान कराई हैं। जिसके चलते शहर में गणपति बप्पा मोरया की गूंज से पूरा धर्म मय माहौल हो गया। इस बार शहर में कटरा बाजार में स्थापित लाल बाग के राजा की तर्ज पर विराजमान कराई गई गणेश प्रतिमा शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। वहीं कटरा बाजार में ही अन्य गलियों, महावीरपुरा, सुभाष मार्केट के पास, सरदारपुरा में, गांधी नगर में, लक्ष्मीपुरा, तालाबपुरा, चंडीमंदिर आदि विभिन्न क्षेत्रों में करीब आधा सैकड़ा से अधिक छोटी व बड़ी गणेश प्रतिमाएं विराजमान की गईं। सुबह व शाम से पूर्ण धार्मिक आस्था के साथ आरती और अन्य धार्मिक संगीतमय कार्यक्रम आयोजित भी होते रहे। गत तीन दिन पूर्व कटरा बाजार में स्थापित गणेश पंडाल में जलविहार के बाद शहर के करीब आधा सैकड़ा विमान गणेश दरबार में पहुंचे और यहां भव्य महाआरती व पूजन का आयोजन किया गया था, जिसके चलते कटरा बाजार में यह स्थान पूरी तरह से धार्मिकता में तब्दील हो गया। दस दिन तक चलने वाला गणेश महोत्सव के आखिरी दिन आज रविवार को गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। जिससे पूरे शहर में स्थापित की गई गणेश प्रतिमाएं विसर्जन भक्तों द्वारा गोविंद सागर बांध में किया जाएगा। वहीं सैकड़ों लोगों द्वारा अपने-अपने घरों में भी भगवान गणेश की छोटी प्रतिमाएं विराजमान की हैं और ये लोग भी आज रविवार को ही बड़ी संख्या में गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए गोविंद सागर बांध पहुंचेंगे। गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए पिछले कुछ वर्षों से सागर रोड वाइपास तिराहे पर गोविंद सागर बांध में कुंड बनाकर विसर्जन कराया जाता है। इस बार भी नगर पालिका प्रशासन द्वारा इस कुंड की मरम्मत कराई जा रही है, ताकि कुंड में बिना कोई दिक्कत के विसर्जन हो सके। हालांकि इस बार बांध में पानी अधिक होने के कारण सतर्कता भी बरती जा रही है और लोगों को पानी से दूर रखने के लिए जिला प्रशासन भी अलर्ट है।