स्वतंत्रता संग्राम सेनानी खैरा की लगाई जाए प्रतिमा
ललितपुर। श्री धनुषधारी मंदिर, तालाबपुरा में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रमानाथ खैरा खैरा के जन्म दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में उनकी प्रतिमा लगवाने पर जोर दिया गया। प्रदेश सरकार के श्रम राज्य मंत्री मनोहर लाल पंथ मन्नू कोरी ने कहा कि ललितपुर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रमानाथ खैरा पूर्व विधायक, अधिवक्ता, कवि, साहित्यकार व ध्यान योगी की मूर्ति लगाया जाना जनहित का कार्य होगा। इससे आने वाली पीढ़ी को उनसे देश प्रेम की प्रेरणा मिलेगी। उनका आजादी की लड़ाई में योगदान रहा है। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने कहा कि खैरा जी जैसे महान सेनानी से प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने का महान कार्य किया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉक्टर विजय खैरा ने बाबूजी के जेल संस्मरण सुनाते हुए कहा कि जिलाधिकारी स्वयं सेनानी परिवार के हैं, उनके पिता भी विधायक रहे हैं। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने स्वतंत्रता सेनानी खैरा की मूर्ति लगवाने के लिए कार्रवाई का आश्वासन दिया। इससे पहले दीप प्रज्वलन जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह, प्रदीप चौबे सांसद प्रतिनिधि पं ओम प्रकाश बिरथरे ने किया। इस मौके पर डॉ भगवत नारायण शर्मा, बाबा काशीराम साहू, आयोजन समिति के संरक्षक सुरेंद्र खैरा एड, अन्तरिक्ष खैरा, निशान्त देव, गौरव खैरा, स्मिता खैरा, चंदा देवी, सविता खैरा, विनोद खैरा, शरद खैरा, प्रदीप खैरा आदि उपस्थित रहे। अध्यक्षता मन्नू लाल कोरी राज्य मंत्री ने की व बतौर मुख्य अतिथि मानवेंद्र सिंह जिलाधिकारी रहे एवं संचालन राजेश जैन ने किया। राजेश खैरा पूर्व विधायक ने धन्यवाद प्रस्ताव किया।