लक्ष्य का 50 प्रतिशत भी कनेक्शन नहीं करा सका जल निगम
गर्मी में पानी के लिए तरस रही जनता, नल कनेक्शन होते तो मिलती कुछ राहत
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर।
अमृत योजना के तहत जल निगम द्वारा मुफ्त में नल कनेक्शन कराए जा रहे हैं। लेकिन यह योजना इतनी धीमी गति से चल रही है कि कार्य अवधि समाप्त होने के चार माह बाद लक्ष्य के सापेक्ष 50 प्रतिशत भी कनेक्शन नहीं हो सके हैं। यदि जल निगम समय से नल कनेक्शन करा देते तो जनता को इन भीषण गर्मियों के दिनों में पानी की किल्लत से नहीं जूझना पड़ता।
शहर के शत-प्रतिशत घरों में स्वच्छ पेयजल नसीब हो सके इसके लिए भारत सरकार द्वारा संचालित की जा रही अमृत योजना के तहत जल निगम बिना नल कनेक्शन वाले घरों में मुफ्त में नल के कनेक्शन किए जाने थे। यह कार्ययोजना बीते डेढ़ वर्ष पूर्व दिसंबर 2016 में शुरू हुई थी। इस कार्ययोजना के तहत एक वर्ष में शहर में 4,942 घरों में नल कनेक्शन किए जाने थे, इस कार्य का ठेका जल निगम ने अपने ठेकेदार को 1.69 करोड़ रुपये में दिया था। इस कार्ययोजना को गर्मियों का मौसम शुरू होने से पहले तक पूरा किया जाना था, उन सभी घरों में नलों के कनेक्शन हो सकें और गर्मी के मौसम में हर घर में स्वच्छ पेयजल आसानी से पहुंच सके और गर्मियों में लोगों को जलापूर्ति के लिए परेशान नहीं होना पड़े। लेकिन अभी तक जल निगम लक्ष्य के सापेक्ष 50 प्रतिशत भी कनेक्शन नहीं कर पाई है। विगत माह विभाग ने ठेकेदार को कनेक्शन के लिए 30 अप्रैल तक की समय अवधि बढ़ा दी थी, लेकिन वर्तमान में लगभग 2,200 नलों के कनेक्शन हुए हैं। लक्ष्य के सापेक्ष अभी 2,700 से अधिक कनेक्शन होना बाकी है। भूगर्भ जलस्तर गिरने की वजह से शहर के आधे से अधिक हैंडपंपों से पानी निकलना कम हो गया है या फिर पूरी तरह से बंद भी हो गया है। यदि जल निगम समय से नलों के कनेक्शन करा देता तो घरों में नल होने से लोगों को काफी रहत मिलती। अब जल निगम व उसके ठेकेदार की उदासीनता के कारण शहर की जनता को समस्या झेलनी पड़ रही है। जल निगम ने घरों में नलों के कनेक्शन के लिए शहरवासियों से आवेदन मांगे हैं, वर्तमान में एक सैकड़ा से अधिक लोगों के आवेदन पैडिंग पड़े हुए हैं, लेकिन नलों के कनेक्शन नहीं किया जा रहे हैं।
ठेकेदार कर रहे मनमानी
इस कार्ययोजना में जल निगम के ठेकेदार भी काफी मनमानी कर रहे हैं। शहर में अव्यवस्थित तरीके से लंबी-लंबी पाइप लाइन डालकर नलों के कनेक्शन कर दिए हैं और सड़कों व नालियों पर पाइप लाइन का जाल बिछा दिया है, जो सफाई व्यवस्था में बाधा बना रहा है। इसके साथ ही नल कनेक्शन के लिए जो गड्ढे किया जा रहे हैं, उन्हें भी सही तरीके से बंद नहीं किया जा रहा है, इससे स्थानीय लोगों व राहगीरों को समस्या खड़ी हो रही है। वहीं जल निगम के ठेकेदार के कर्मी नल कनेक्शन के दौरान लोगों से रुपये लेकर पाइप लाइन के नीचे हिस्से से कनेक्शन कर रहे हैं। ऐसा होने से अन्य लोगों को समस्या खड़ी होगी। विगत दिवस गांधी नगर क्षेत्र के एक नागरिक ने इसी तरह की शिकायत की थी, जिस पर जल निगम के अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है और ठेकेदार को चेतावनी भी दी है।
नेहरू नगर नहीं है शामिल
अमृत योजना के तहत जो यह शत-प्रतिशत घरों में मुफ्त में नलों के कनेक्शन कराए जा रहे हैं, इस कार्ययोजना में नेहरू नगर क्षेत्र के इलाके शामिल नहीं है। नेहरू नगर क्षेत्र में नेहरू नगर पुनर्गठित अमृत पेयजल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाकर सभी घरों में नलों के कनेक्शन किए जाएंगे। इस नेहरू नगर पेयजल योजना को पूरी तरह धरातल पर उतरने व इसके शुभारंभ में अभी लोगों को दो वर्षों का इंतजार करना पड़ता है।
अवैध कनेक्शन बन रहे बाधा
जलनिगम के अधिकारी इस बात को सार्वजनिक तौर पर स्वीकार नहीं कर रहे हैं, लेकिन अधिकारियों का ही कहना है कि नलों के कनेक्शन में अवैध कनेक्शन बाधा खड़ी कर रहे हैं। शहर में उम्मीद व सोच से ज्यादा अवैध कनेक्शन हैं और जिन के घरों में मुफ्त में पानी पहुंच रहा है, वह नलों का कनेक्शन लेने को तैयार नहीं हो रहे हैं। इसमें मुख्य किरदार जल संस्थान विभाग को है, नलों के कनेक्शन कराने की जिम्मेदार सामान्य तौर पर जल संस्थान की होती है, लेकिन जल संस्थान के अधिकारियों की उदासीनता की बजह से शहर में इतने अवैध कनेक्शन हो गए हैं।
जल संस्थान ने उपलब्ध नहीं कराई वैध कनेक्शनों की सूची
जल संस्थान ने शहर में विभाग द्वारा किए गए वैध कनेक्शनों की सूची उपलब्ध नहीं कराई है, जिस कारण वैध और अवैध नल कनेक्शनों का पता नहीं चल पा रहा है। इसी वजह से कार्ययोजना में देरी हुई है। विगत कुछ महीनों से कार्ययोजना में तेजी आई है और इसमें वार्ड पार्षदों का भी पूरा सहयोग लिया जा रहा है, जिससे योजना में तेजी आई है। शासन से कार्ययोजना की समय अवधि बढ़कर जल्द ही कार्ययोजना को पूर्ण कर लिया जाएगा। यह योजना पूरी तरह नि:शुल्क है यदि किसी तरह की कोई शिकायत है या फिर घर में नलों का कनेक्शन कराया जाना है तो मोबाइल नंबर 9473942768 पर संपर्क कर करें।
- प्रवीण कुमार कुट्टी, परियोजना अधिकारी, जल निगम निर्माण खंड ललितपुर।