गेहूं की दो रैक भेजी गईं चंदारी
ललितपुर। जिले में खरीद केंद्रों पर जमा गेहूं को अन्य जनपदों में रैक भिजवाने का काम शुरू हो गया है। शुक्रवार को ट्रेन से दो रैक गेहूं कानपुर के चंदारी में पहुंचाया गया है। जबकि की डिमांड और की गई है। एक रैक में करीब 2500 से 2600 मीट्रिक टन गेहूं भरा जाता है। इसके अलावा गेहूं का उठान होने से खरीद में होने वाली परेशानियां भी कम हो जाएगी।
जनपद में अब तक 100 गेहूं खरीद केंद्रों के माध्यम से करीब 50 हजार मीट्रिक टन से अधिक गेहूं खरीद हो चुकी है। गेहूं खरीद होने के बाद केंद्रों पर गोदामों में रखा गेहूं राज्य भंडार केंद्र के अंतर्गत गोदामों में खाली कराया जाता है। अभी तक बुढ़वार स्थित राज्य भंडार केंद्र की गोदाम में 15 हजार 179 मीट्रिक टन और ककरुआ की गोदामों में पांच हजार मीट्रिक टन गेहूं रखवाया रखा गया है। जबकि अभी अमरपुर मंडी में दस हजार मीट्रिक टन, विद्या खेत की गोदाम में तीन हजार मीट्रिक टन, अमरपुर मंडी के चबूतरों पर 7500 मीट्रिक टन और ललितपुर गल्ला मंडी में 10 हजार मीट्रिक टन गेहूं रखने की क्षमता है, जो अभी खाली पड़े हैं। बुढ़वार गोदाम भरने के बाद ही अन्य जनपद गेहूं भेजने के लिए इस महीने में चार रैक ट्रेनों की डिमांड लगाई गई थी, जिसमें दो रैक तो कानपुर के चंदारी पहुंचाया गया है। एक रैक में करीब 2500 से 2600 मीट्रिक टन गेहूं भरा जाता है। एक रैक ट्रेन में गेहूं भरने के लिए करीब 135 से 140 ट्रक की ककरुआ गोदाम में तुलाई कराने के बाद रैक में पहुंचाया जा रहा है।
---बॉक्स---
कई केंद्रों पर नहीं हो रही तुलाई
जिला में खोले गए कई समितियों के गेहूं केंद्रों पर उठान के अभाव में तुलाई नहीं हो पा रही है। जिसके चलते किसानों को कई दिनों से नंबर लगाने के बाद तुलाई के लिए परेशान होना पड़ रहा है। बुढ़वार का केंद्र एक सप्ताह से अधिक समय से तुलाई नहीं हो रही है, तो वहीं खेड़िया में खेड़िया दाल मिल स्थित सहकारी समिति बुढ़वार के केंद्र पर भी दस दिनों से तुलाई नहीं हो सकी है। वहीं मसौरा में भी किसान सेवा सहकारी समिति के केंद्र पर तुलाई बंद चल रही है।