बैंक चुनाव के लिए भाजपा तैयार, विपक्ष में बिखराव
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर।
केंद्र और प्रदेश सत्तारूढ़ दल भाजपा ने जिला सहकारी बैंक के सभी पदों पर जीत हासिल करने के लिए रणनीति तैयार कर ली है। यहां तक उन्होंने संभावित उम्मीदवार भी तय कर रखा है, जिसने अपनी चुनावी गोटें बिछाना शुरू कर दिया है। वहीं, विपक्षी दल इस चुनाव में गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। विशेषकर प्रमुख विपक्षी दल सपा भी अपनी रणनीति को अंतिम रूप नहीं दे सकी है।
सहकारिता चुनाव में जिला सहकारी बैंक के सभापति व उपसभापति का चुनाव प्रतिष्ठापूर्ण होता है। जिस पर हर दल की नजरें होती हैं। वर्तमान में बैंक के दोनों पदों पर सपा का कब्जा है। जब से भाजपा प्रदेश में सत्तारूढ़ हुई है, उसने सहकारिता में अपनी पकड़ मजबूत करना आरंभ कर दिया है। पहले भाजपा ने जिले की अधिकतर सहकारी समितियों पर कब्जा किया। उसके उपरांत क्रय विक्रय समिति के चुनाव में शानदार जीत दर्ज की। अब पार्टी की नजर बैंक के चुनाव पर है। भाजपा ने इस चुनाव के लिए बहुत से तैयारी शुरू कर रखी है। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि पार्टी की ओर से हरीराम निरंजन को इस चुनाव में जुट जाने के लिए कह दिया गया है। हालांकि, अन्य नेता भी इस लाइन में खड़े हुए हैं जो उम्मीदवार बनने के लिए लालायित हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी इस चुनाव में उतर तो रही है लेकिन पार्टी पदाधिकारियों में खास उत्साह नजर नहीं आ रहा है। कांग्रेस व बसपा ने स्वयं को इस चुनाव से अलग कर लिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जिला सहकारी बैंक के सभापति का पद भाजपा की झोली में जा सकता है।
प्रदेश नेतृत्व से निर्देशों का इंतजार
जिला सहकारी बैंक के चुनाव में पार्टी पूरी ताकत के साथ उतर रही है। उनके पास पर्याप्त जिताऊ वोट है, इसलिए पार्टी उम्मीदवार की जीत तय है।
रमेश कुमार सिंह
जिलाध्यक्ष, भाजपा
पार्टी नेताओं के साथ बनाएंगे रणनीति
जिला सहकारी बैंक के चुनाव में पार्टी अपना उम्मीदवार उतारेगी। इसके लिए पार्टी नेताओं के साथ बैठकर रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।
ज्योति सिंह, जिलाध्यक्ष, सपा
पार्टी नहीं लड़ेगी चुनाव
जिला सहकारी बैंक के चुनाव से पार्टी ने दूर रहने का निर्णय लिया है। इस चुनाव में पार्टी की ओर कोई उम्मीदवार नहीं उतारा जाएगा।
दुर्गा प्रसाद कुशवाहा, जिलाध्यक्ष, कांग्रेस
पार्टी नेतृत्व से नहीं मिले निर्देश
पार्टी नेतृत्व से जिला सहकारी बैंक में उतरने के संबंध में निर्देश अभी तक प्राप्त नहीं हुए हैं। यदि कोई निर्देश प्राप्त होते हैं तो चुनाव में उतरेंगे।
कैलाश नारायण कुशवाहा, जिलाध्यक्ष, बसपा
आज होगा नामांकन
प्रबंध कमेटी के सदस्यों का निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। जिसमें तीन मई को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। यदि आवश्यक हुआ तो दस मई को मतदान होगा। सभापति, उप सभापति एवं अन्य समितियों में प्रतिनिधि भेजने का कार्यक्रम भी तय हो गया है। जिसमें ग्यारह मई को नामांकन पत्र दाखिल किया जाएगा। इसी दिन मतदान एवं मतगणना कराई जाएगी।