बिजली के बढ़े दामों के बिल जलाकर विरोध
ललितपुर। प्रदेश सरकार द्वारा गत दिनों बढ़ाए बिजली दरों के दामों का कई राजनीतिक व गैर राजनीतिक संगठन सामने आकर विरोध जता रहे हैं। अब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी बुधवार को बिजली के बढ़े दामों वाले बिलों को जलाकर अपना विरोध जताकर डीएम को जनहित में बिजली के बढ़े दाम वापस लेने के मांग की है।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कचहरी प्रांगण में एकत्रित होकर प्रदेश शासन द्वारा बढ़ाई गई विद्युत दरों के विरोध में बिजली बढ़े दामों के विरोध में जमकर नारेबाजी की और प्रदेश सरकार को भी जमकर कोसा। इसके बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कचहरी प्रांगण में ही बढ़े दामों वाले बिजली के बिलों की प्रतियां भी जलाई। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर बताया कि प्रदेश में बिजली के दाम नगर निकाय चुनाव खत्म होते ही बढ़ा दिए गए हैं। इसके कारण किसान, व्यापारी, आम आदमी सभी वर्ग के लोग इससे परेशान हैं। एक ओर तो प्रदेश सरकार किसानों के कर्जे माफ कर रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली के दाम बढ़ा रही है। इस प्रकार से प्रदेश सरकार किसी न किसी तरीके से रुपया वसूल रही है। उक्त बिजली के बढ़े दामों की आम आदमी पार्टी द्वारा विरोध करते हुए बढ़े दाम कम करने की मांग की गई। ज्ञापन पर जिला संयोजक हरदयाल सिंह लोधी, प्रदीप कुमार, शिशुपाल, कृपाल सिंह, रोहित, लक्ष्मन, कोमल, भरोसे, महेंद्र पाराशर, शशिकांत सिंह, पूरन सिंह, गोकुल, गजराज, बृज बिहारी उपाध्याय, हनीफ खां के हस्ताक्षर हैं।