सिद्धचक्र महामंडल विधान के पात्रों का चयन आज
ललितपुर। मड़ावरा विकासखंड में विंध्यगिरि पर्वत मालाओं एवं धसान नदी के सुरम्य तट पर स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर अतिशय क्षेत्र गिरार गिरी में फरवरी 2019 में होने वाले सिद्धचक्र महामंडल विधान के पात्रों का चयन कार्यक्रम रविवार को आयोजित किया जाएगा। मीडिया प्रभारी डॉ. सुनील संचय व उमेश जैन ने संयुक्त रूप से बताया कि आगामी एक से आठ फरवरी 2019 तक अतिशय क्षेत्र गिरार गिरी में वणीभूषण ब्र. संजीव भैया कटंगी के निर्देशन में सिद्ध चक्र महामंडल विधान का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान आदिनाथ निर्वाणोत्सव एवं वार्षिक मेला का आयोजन भी होगा। उक्त विधान के महापात्रों का चयन गिरार गिरी क्षेत्र पर 23 दिसंबर को किया जाएगा। इस दौरान रविवार को सुबह सात बजे से अभिषेक शांतिधारा और नित्य पूजन किया जाएगा। इसके बाद भक्तांबर विधान विधिविधान के साथ आयोजित होगा। रविवार को ग्यारह बजे से पात्रों का चयन विधिवत किया जाएगा। इसके बाद वात्सल्य भोज होगा।