मवेशी बाजार का अतिक्रमण चिन्हित,
ललितपुर। नगर पालिका परिषद ने मवेशी बाजार स्थिति जमीन के अतिक्रमण का चिन्हीकरण कर लिया है। इसमें करीब 84 अतिक्रमणकारियों की पहचान की गई हैं। विभागीय अफसरों ने कार्रवाई के लिए सूची जिलाधिकारी को सौंप दी है।
शहर में अतिक्रमण की समस्या का निदान नहीं हो पा रहा है। अतिक्रमण के कारण सड़कों का आकार सिकुड़ गया है। खाली पड़ी भूमि पर भी अतिक्रमण तेजी से पसर रहा है। इसके प्रति पालिका कर्मी अनजान बने हैं। लेकिन योगी सरकार ने इस ओर ध्यान देते हुए विभागीय अधिकारियों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। नगर पालिका कर्मियों ने हरकत में आते हुए खाली पड़ी भूमि पर अतिक्रमण का चिन्हीकरण शुरू कर दिया। अकेले मवेशी बाजार का काफी बड़ा एरिया अतिक्रमण की चपेट में है। यहां करीब 86 अतिक्रमणकारी चिन्हित हुए हैं। नगर पालिका ने अतिक्रमणकारियों पर सीधी कार्रवाई करने की जगह सूची जिलाधिकारी को सौंप दी। फिलहाल कार्रवाई ठंडे बस्ते में होने से मवेशी बाजार के अतिक्रमणकारी बेपरवाह बने हैं।
नालियों पर हो गया स्थाई अतिक्रमण
शहर के मुख्य मार्गों से लेकर गलियों की नालियों पर जगह-जगह लोगों ने पक्का अतिक्रमण कर लिया है। इस वजह से उनकी सफाई नहीं हो पा रही है। इसके बाद भी पालिका नालियों पर पसरे पक्के अतिक्रमण पर मौन बनी हुई है। पुराने नगर भवन के पास नाली अतिक्रमण में छिपकर रह गई है।
सड़क के अतिक्रमण पर गंभीर नहीं
नगर पालिका परिषद शहर के मुख्य मार्ग पर पसरे अतिक्रमण के मामले में गंभीर दिखाई नहीं दे रही है। पिछले दिनों जिले के प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने अपने निरीक्षण में अतिक्रमण पाया था, उसे भी निर्देश के बाद नहीं हटाया जा सका है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष रजनी साहू का कहना है कि अतिक्रमण हटाने से पहले अतिक्रमण की मार्किंग करते हुए उसकी वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
डीएम को सौंप दी सूची
मवेशी बाजार के अतिक्रमण का चिन्हीकरण कर लिया गया है। जो अतिक्रमणकारी हैं, उनके नामों की सूची डीएम के सुपुर्द कर दी है।
अवनींद्र कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद