अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में इंटेस ललितपुर चैप्टर संस्थान विश्व धरोहर जागरुकता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। जागरुकता सप्ताह के तीसरे दिन छात्राओं व शिक्षिकाओं सहित इंटेस सदस्यों ने धरोहर संरक्षण की शपथ ली है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बच्चों का मार्ग दर्शन करते हुए कहा कि हमारा देश प्राचीन परंपराओं, रितिरिवाजों, गौरवशाली संस्कृति तथा अकूत धरोहरों से समृद्ध है। इन्हीं धरोहरों की बदौलत देश सोने की चिड़िया कहलाता था। आज भी देश में जो धरोहरें मौजूद हैं उन्हें संरक्षण की नितांत आवश्यकता है। ताकि हम अपने अतीत के गौरव को संजोकर रख सकें। ललितपुर प्राचीन विरासत में राज्य में अपना अलग स्थान रखता है। देश और विदेशी सैलानियों को मोह लेने की क्षमता जनपद के पुरातत्व स्थलों में मौजूद हैं। उपेक्षा के कारण यह स्थल अपनी पहचान खोते जा रहे हैं, लेकिन अब यह स्थल अपनी नयी पहचान बनाएंगे। इसके लिए प्रशासन द्वारा योजना बनाकर मुख्यमंत्री के संज्ञान में लायी जाएगी। पर्यावरण संरक्षण के प्रयास में विफल होने के परिणाम हम लगातार देख रहे हैं और आगे इससे भी भयावह स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसके लिए हमें पर्यावरण संरक्षण के साथ, नदियों के भी संरक्षण के लिए प्रयास करना होगा। उन्होंने अपने शहर को स्वच्छ रखने की भी अपील की। उन्होंने जनपद के विरासत स्थलों एवं पर्यटन विकास के लिए इंटेक ललितपुर द्वारा किये जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इसके बाद कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं, शिक्षिकाओं एवं इंटैक सदस्यों को विरासत संरक्षण की शपथ दिलाई। इंटेक संयोजक संतोष शर्मा ने विरासत सप्ताह पर हो रहे आयोजनों एवं संस्था द्वारा जनपद की धरोहर, संस्कृति एवं पर्यटन के विकास के लिए किये जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। इसी क्रम में ओपी बिरथरे व डा. दीपक चौबे, रमाकांत तिवारी ने भी अपने-विचार रखे। पर्यटन मित्र फिरोज इकबाल ने धरोहर स्थलों की जानकारी साझा की और नए पर्यटन स्थलों के बारे में बताया एवं ललितपुर जनपद की धरोहर स्थलों के सूचीकरण की भी बात कही। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानचार्या पूनम मलिक ने जिलाधिकारी व उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।