गाज गिरने से तीन बच्चों की मौत
देव स्थान पर गए थे पूजा करने
मुख्यमंत्री ने दी चार-चार लाख की आर्थिक मदद
ललितपुर।
नगर की विरधा चौकी के पठारी गांव में बारिश की कामना के साथ खर गौड़ बाबा के चबूतरे पर पूजा करने गए लोगों पर गाज गिरने से तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, बारह लोग गंभीर रूप से झुलस गए। आहतों का जिला अस्पताल व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये व आहतों को चार-चार हजार रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है।
गांव के लोगों की मान्यता है कि पठारी गांव से आधा किलोमीटर दूर स्थित खरगौड़ देवता के चबूतरे पर पूजा करने से अच्छी बारिश होती हैं, इस कामना के साथ ग्रामीण अपने बच्चों के साथ यहां परिवार सहित गए हुए थे।। बुधवार को भी पचास की संख्या में महिलाएं और बच्चे चबूतरे पर गए हुए थे। शाम लगभग तीन बजे बारिश होने पर अचानक तेज आवाज के साथ गाज गिरी तथा इसकी चपेट में आकर एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हो गई। हरीसिंह यादव की बहन बैजंती (16 वर्ष) और हरीसिंह यादव के दो बच्चे हर्षित (चार वर्ष) व हर्षिता (सात वर्ष) भी पूजा में शामिल होने के लिए गए थे। इसी दौरान बारिश होने लगी तो बैजंती ने दोनों बच्चों को पानी से बचाने के लिए दुपट्टे के पल्लू से ढक लिया। इसी दौरान उनके ऊपर गाज गिरने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में बेबी (25 वर्ष), रविता (16 वर्ष), सौमित्रा (9 वर्ष), कविता (16 वर्ष) सविता (11 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गईं हैं, इन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि शशी (12 वर्ष), शिक्षा (10 वर्ष) अर्चना (15 वर्ष) जयकुंवर पत्नी लाखन सिंह (30 वर्ष), सौरभ (10 वर्ष), राधिका (आठ वर्ष) व लाड़कुंवर का इलाज बिरधा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। एसडीएम और तहसीलदार ने मौके पर पर पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।