लोक निर्माण विभाग ने स्वीकृति के लिए शासन को भेजा प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जनपद में 199 सड़कों की दशा सुधारने व नवनिर्माण समेत चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग 4.25 अरब रुपये खर्च करेगा। लोक निर्माण विभाग ने 558.44 किलोमीटर की सड़कों के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजा है। इसमें 113 ग्रामीण क्षेत्र की 222 किलोमीटर का नवनिर्माण 1.87 करोड़ रुपये व अंतरराज्यीय व राजमार्गों के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण में 1.98 अरब रुपये, अन्य मार्गों के कार्य 13 करोड़ समेत 4.25 अरब का प्रस्ताव है।
जिले में कई प्रमुख मार्गों समेत गांव की खस्ताहाल सड़कें मरम्मत की राह देख रही हैं। इनमें कुछ सड़कें मरम्मत के अभाव में जर्जर हो गई हैं, तो कुछ अधिक वाहनों की निकासी होने से चौड़ीकरण की आवश्यकता है। कइयों में सुदृढ़ीकरण किया जाना है। कार्य न होने से चार पहिया वाहन तो दूर कई सड़कों पर दो पहिया वाहन तक सुविधा से नहीं चल पा रहे हैं। आए दिन लोग गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। अब इन सड़कों की सूरत बदलने व अन्य आवश्यक कार्यों के लिए कार्ययोजना तैयार कर स्वीकृति के लिए भेज दी गई है।
-
इन प्रमुख सड़कों की भेजी गई कार्य योजना
- ललितपुर कैलगुवां मार्ग
- बार से बांसी मार्ग
- पाली से पीरघाट मार्ग
- ललितपुर-जखौरा- तालबेहट मार्ग
- ललितपुर-झांसी हाइवे मार्ग से करगन मार्ग
-
जनप्रतिनिधियों ने दिए प्रस्ताव
जनपद में 106 सड़कों के निर्माण के प्रस्ताव जनप्रतिनधियों ने दिए है। इसमें क्षेत्रीय सांसद अनुराग शर्मा व श्रम सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ और सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने क्षेत्रों में लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए संपर्क मार्ग के नवनिर्माण, मरम्मत व चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के प्रस्ताव दिए गए हैं।
वर्जन
जनपद में सड़कों के नवनिर्माण, चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण समेत अन्य कार्यों की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी जा रही है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
-विजयचंद्र, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, प्रांतीय खंड