नालियां चोक होने से सड़क पर जमा हो रहा गंदा पानी
ललितपुर। मोहल्ला नेहरू नगर में रेलवे पुल के पास रेलवे आवासों के आसपास नियमित सफाई नहीं होने से नालियां चोक हो गई हैं। इससे सड़कों पर गंदा पानी जमा हो गया है। राहगीरों को निकलने में परेशानी हो रही है। मोहल्लेवासियों ने नालियों से पानी की निकासी और सफाई कराने की मांग की है। मोहल्ला नेहरू नगर में रेलवे पुल के पास बने रेलवे कर्मचारियों के आवासों के पास दो सप्ताह से नालियां चोक चल रही हैं। इससे गंदा पानी सड़क पर गड्ढों में भर गया है। सड़क से रेलवे कर्मचारियों के अलावा आसपास निवास कर रहे मोहल्लेवासियों को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है और आसपास के लोगों में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना रहता है। स्कूल जाने वाले बच्चों को गड्ढे में भरे पानी के बीच से निकलने के दौरान गिरने की आशंका बनी रहती है। नवरात्र में स्थानीय श्रद्धालुओं को भी गंदे पानी के बीच से निकलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। गंदगी से मच्छर पनप रहे हैं। स्थानीय लोगों द्वारा कई बार रेलवे अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों ने रेलवे अधिकारियों से चोक नालियों से पानी की निकासी और सफाई कराने की मांग की है।