बिजली का तार टूटने से खेत में लगी आग
ललितपुर। ग्राम पटसेमरा में एचपी गैस गोदाम के पीछे बिजली का हाईटेंशन का तार टूटकर खेत में गिरने से गेहूं की फसल में आग लग गई। गनीमत यह रही कि आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने आग देखी और लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। आग से किसान को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।
ग्राम पटसेमरा निवासी रामदास निरंजन ने पांच एकड़ खेत में गेहूं बोया था। बीते रोज ग्यारह हजार केवी की लाइन का तार टूटकर खेत में गिर गया, इससे गेहूं की फसल में आग लग गई। यह देख नजदीक के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण उस ओर भागे। उन्होंने आसपास के अन्य लोगों को भी मदद के लिए बुलाया। बिजली का तार टूटा पड़ा देख उन्होंने सूचना फायर ब्रिगेड को देना चाही, लेकिन फोन रिसीब नहीं हुआ। इसके बाद सूचना सौ नंबर पर दी गई। इसी दौरान ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। जब तक सौ नम्बर मौके पर पहुंची, तब तक आग बुझ चुकी थी। इसके उपरांत तार टूटकर गिरने की सूचना संबंधित लाइनमेन को दी गई।