सातवें वेतन का बकाया एरियर भुगतान किया जाए
ललितपुर। सोमवार को चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) की बैठक शाखा कार्यालय पर आयोजित की गई। जिसमें कर्मचारियों की समस्याओं पर विचार किया गया।
कर्मचारियों के समय से वेतन न मिलने पर रोष जताते हुए बताया कि कर्मचारियों के समान वेतन का एरियर जो गत माह जून में देय था उसका भी अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका वर्षों से पूर्ण नहीं की गई है और जीपीएफ पास बुक भी पूर्ण नहीं की गई है। जबकि कर्मचारियों से प्रति वर्ष सत्यापित करना अनिवार्य होता है। यहां भी बताया कि जिला अस्पताल के कर्मचारियों का मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पुरुष द्वारा बिजली का बिल दिया जा रहा है एवं कर्मचारियों के वेतन से अपनी मर्जी से काट लिया जाता है, जो गलत है। कर्मचारियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय पुरुष एवं महिला से मांग की है कि समय से वेतन का भुगतान कराया जाए एवं पत्र में मांगी गई मांगों पर अविलंब कार्यवाही करने की मांग की है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार रजक, रूपलाल, किशन लाल, ललित कुमार, हामीद खान, देवेंद्र साहू, रतिराम, राजेश, रामकुमार, पवन कुमार व राजू दीपक आदि उपस्थित रहे।