पर्यटकों को लुभाएंगे जिले के पर्यटन स्थल
- एनआईसी ने अधिकारिक वेबसाइट को किया अपडेट
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने जिले की आधिकारिक वेबसाइट lalitpur.nic.com को अपडेट किया है। इससे अब विदेश में भी बैठे पर्यटक जिले के पर्यटन स्थलों को आसानी से देख सकेंगे। इसके अलावा जिले के प्रत्येक विभाग के अफसरों के नाम सहित उनके मोबाइल नंबर भी वेबसाइट पर आसानी से मिल सकेंगे।
डीएम मानवेंद्र सिंह ने बताया कि एनआईसी ने जनपद की विशिष्ट सूचनाओं और सेवाओं के साथ आसानी से प्रदर्शित करने की क्षमता और तकनीकी जानकारियों के प्रकाशन के लिए सशक्त माध्यम बनाने के उद्देश्य से इस वेबसाइट को अपडेट किया है। भारत सरकार के वेब सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए बनी यह वेबसाइट कंप्यूटर, लैपटॉप, टैबलेट व स्मार्ट फोन पर आसानी से देखी जा सकेगी। इसकी विशेषता है कि वेबसाइट पर उपलब्ध सभी जानकारियां अंग्रेजी के साथ ही हिंदी में भी मौजूद होगी। डीएम ने वेबसाइट पर जनपद के समस्त पर्यटन क्षेत्रों की सूचना अपलोड करने के लिए निर्देश दिए है। जिससे अधिक से अधिक विभागों की नागरिकों को उपयोगी सूचना मिल सके। इसके अलावा दुनिया के किसी भी जगह से जिले के पर्यटक स्थलों को आसानी से देखा जा सकता है। इस अवसर पर डीएम ने जनपद को 2 अक्टूबर तक पॉलिथीन मुक्त करने का संकल्प दोहराया है। उन्होंने कहा कि यह कार्य अभियान चलाकर किया जाएगा। इस कार्य में स्वयं सहायता समूहों की मदद ली जायेगी। प्लास्टिक की जगह जूट के थैले, कागज के लिफाफे, दोना व पत्तल उपलब्ध कराए जाएंगे। इस मौके पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अशोक सक्सेना, अतिरिक्त जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अर्पित जैन, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह, उपजिलाधिकारी सदर घनश्याम वर्मा, जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय आदि उपस्थित रहे।