ललितपुर। जनपद में विभिन्न थानों, चौकियों, एसओजी या अन्य टीमों में लंबे समय से जमे 19 पुलिस कर्मियों की सूची तैयार की गई है। ऐसे पुलिस कर्मियों का स्थानांतरण किया जाएगा।
कोतवाली समेत विभिन्न थानों एवं एसओजी टीम में कई पुलिस कर्मी तीन व पांच साल से जमे हुए हैं। इससे कई बार पीड़ितों के केसों पर भी असर पड़ता है। कई मामलों में तो ऐसे पुलिस कर्मियों के खिलाफ शिकायत की गई, लेकिन उनकी पहुंच और रुतवा के कारण कोई असर नहीं पड़ सका।
पुलिस अधीक्षक की नजरें ऐसे पुलिस कर्मियों पर टेढ़ी हो गई हैं और कानून व्यवस्था में सुधार के लिए उन्होंने लंबे समय से जमे और शिकायत मिलने वाले ऐसे 19 पुलिस कर्मियों की सूची तैयार की है, जिनका शीघ्र ही स्थानांतरण किया जाएगा या फिर उन्हें पुलिस लाइन भेजा जाएगा। इसमें ऐसे पुलिस कर्मी भी हैं, जो लंबे समय से अच्छी सेवाएं दे रहे हैं। पुलिस कर्मियों की तैनाती से छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस व्यवस्था में सुधार के लिए यह कदम उठाया जाना जरूरी है। अभी 19 पुलिस कर्मियों की सूची तैयार की है। अन्य पुलिस कर्मियों को भी चिह्नित किया जा रहा है।