गायों के लिए एक हजार क्विंटल भूसा दान
ललितपुर। जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने नौ गौवंश आश्रय स्थलों में रहने वाले निराश्रित गोवंश के भरण पोषण के लिए भूसा एकत्र करने के लिए ग्रामीणों का आह्वान किया। इस पर लोगों ने एक हजार क्विंटल भूसा दान कर दिया।
डीएम ने ग्राम बिल्ला, छिल्ला और बानौनी में जाकर आसपास के ग्रामों के प्रधानों, ग्रामवासियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति भूसा दान करने के इच्छुक हैं, वह भूसा बैंक में भूसा जमा करा दें। जिसे लेखपाल और ग्राम पंचायत अधिकारी के माध्यम से निकटवर्ती गौवंश आश्रय स्थल पर पहुंचाया जाएगा। ग्राम बिल्ला में 600 काश्तकारों से 600 क्विंटल, ग्राम छिल्ला में 280 काश्तकारों से 280 क्विंटल तथा बानौनी में 282 क्विंटल भूसा जमा कराने को आश्वस्त किया गया। जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों को बताया कि छुट्टा गोवंश की समस्या के समाधान के लिए गोवंश आश्रय स्थलों की स्थापना की गई है। उप जिलाधिकारी महरौनी ज्ञानेश्वर प्रसाद को निर्देश दिए कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा अपना गोवंश खुला छोड़ता है, जिससे अन्य किसानों की फसलों का नुकसान होता है तो ऐसे व्यक्ति को चिह्नित कर जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने कहा कि 09 गोवंश आश्रय स्थलों में लगभग 13 हजार गोवंश संरक्षित है। इस मौके पर तहसीलदार महरौनी अभिषेक सिंह, खंड विकास अधिकारी बार एमपी भदौरिया, ग्राम पंचायत अधिकारी व लेखपाल उपस्थित रहे। बैठक में ग्राम मिर्चवारा, बानपुर, गंगचारी, सूरीखुर्द, कुआगांव, बानौनी आदि ग्रामों के प्रधान व ग्रामवासी उपस्थित रहे।