डिफाल्टर संदर्भो को निस्तारित करने के दिए निर्देश
डीडीओ व तहसीलदार मड़ावरा डिफाल्टरों में आगे
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। कलक्ट्रेट सभागार में आईजीआरएस पोर्टल पर मुख्यमंत्री और ऑनलाइन संदर्भों की समीक्षा बैठक में डिफाल्टर संदर्भों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान डीडीओ व तहसीलदार मड़ावरा डिफाल्टरों संदर्भो की सूची में आगे पाए गए।
बैठक में सर्वप्रथम जिला सूचना विज्ञान अधिकारी द्वारा पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से आईजीआरएस पोर्टल के क्रियान्वयन के बारे में उपस्थित अधिकारियों को जानकारी दी गई, साथ ही जनपद के समस्त विभागों में एल-1, एल-2, एल-3 व एल-4 स्तर पर लंबित/डिफाल्टर संदर्भों की सूची प्रदर्शित की गई। इसमें मुख्यमंत्री संदर्भों में जिला विकास अधिकारी के 78, तहसीलदार मड़ावरा के 69, जिला कार्यक्रम अधिकारी के 16 व मुख्य चिकित्सा अधिकारी के 14 संदर्भ डिफाल्टर दिखे। डीएम मानवेंद्र सिंह ने कहा कि आईजीआरएस निस्तारण में जनपद की स्थिति काफी अच्छी रही है। जनपद विगत कई माहों में अव्वल रहा है। एल-1 स्तर पर डिफाल्टर संदभों की संख्या काफी अधिक है, इसलिए सभी अधिकारी यह सुनिश्चित कर लें कि उनका एल-1, एल-2, एल-3 व एल-4 अधिकारी कौन है, इसकी अभी भी बेसिक जानकारी की जरुरत है। अधिकारी विभाग के किसी कुशल कर्मचारी का सहयोग लेकर प्रत्येक दशा में डिफाल्टर संदर्भों का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें साथ ही प्रतिदिन इन शिकायतों का अनुश्रवण किया जाये। इसके उपरान्त जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ने कहा कि समस्त अधिकारी प्रतिदिन अपनी यूजर आईडी खोलकर देखें ताकि डिफाल्टर संदभों में कमी आये। यदि एल-1, एल-2, एल-3 व एल-4 के बारे में कोई कन्फ्यूजन है तो एलआईसी में सम्पर्क किया जा सकता है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शिवनारायण, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा प्रताप सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए बलिराम वर्मा, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सदर हिमान्शु गौरव, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सत्येन्द्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी गौरव यादव, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, अतिरिक्त जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।