प्लांट के नाले में आया तेल, किसान की फसल बर्बाद
बार। बजाज पावर प्लांट से निकलने वाले पानी में जला ऑयल आने के कारण एक किसान के खेत की फसल बर्बाद हो गई। आननफानन में पावर प्लांट के अधिकारियों ने ट्रक चालक की गलती बताते हुए पीड़ित किसान को मुआवजा देने की संस्तुति की है। बजाज पावर प्लांट से निकलने वाले पानी का नाला चिगलौआ गांव निवासी किसान हल्का के खेत से होकर निकलता है। रविवार की रात नाले में निकलने वाले पानी में ऑयल आने से तेज बहाव में तेल किसान के खेत में फैल गया। इससे किसान की खेत में खड़ी उर्द की फसल बर्बाद हो गई। सुबह जब किसान को जानकारी हुई तो उसने प्लांट के अधिकारियों से विरोध जताया और मुआवजे की मांग की। वहीं इस संबंध में प्लांट के अधिकारियों ने बताया कि सीमेंट फैक्ट्री से आने वाले ट्रक ड्राइवर ने ट्रक की सर्विस कर उससे निकला हुआ तेल नाले में फेंक दिया। इससे वह तेल किसान के खेत में जा पहुंचा और इससे किसान की बर्बाद हुई फसल का उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया।