शिक्षक बनने को आठ हजार 160 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
ललितपुर। रविवार को जनपद के 18 परीक्षा केंद्रों पर सहायक अध्यापक परीक्षा आयोजित की जाएगी। जनपद में कुल 8,160 अभ्यर्थी इसके लिए पंजीकृत हैं। परीक्षा सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक आयोजित की जाएगी। एक दिन पूर्व नोडल अधिकारी एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण भी किया।
माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों की तैनाती के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग इलाहाबाद के निर्देशन पर सहायक अध्यापक (प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी पुरुष/महिला) परीक्षा 2018 आयोजित कराई जा रही है। इस परीक्षा के लिए जनपद के विभिन्न इलाकों में कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए हैं, जिनमें कुल आठ हजार 160 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को नकल विहीन और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। इन 18 परीक्षा केंद्रों को 08 सेक्टरों में विभाजित किया गया है और सेक्टरों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं। सेक्टर मजिस्ट्रेटों के ऊपर पांच जोनल मजिस्ट्रेटों की भी नियुक्ति की गई है। इसके प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा हर परीक्षा केंद्र पर दो महिला व दो पुरुष पुलिस कर्मी भी नियुक्त कर दिए गए हैं, जो परीक्षा में नकल को रोकने के लिए अभ्यर्थियों की प्रवेश द्वार पर ही तलाशी लेंगे और शांति बनाए रखने का काम करेंगे। इस परीक्षा के लिए डीएम मानवेंद्र सिंह द्वारा अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह को परीक्षा का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। परीक्षा के एक दिन पहले परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए नोडल अधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने शनिवार को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्र बनाए गए एसडीएस स्कूल का निरीक्षण किया। इस विद्यालय की हिंदी और अंग्रेजी माध्यम के दोनों ही विद्यालयों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा केंद्र पर लगभग सभी तैयारियां ठीक मिलीं। हिंदी माध्यम विद्यालय में मानकों के वितरीत एक हॉल में अतिरिक्त अभ्यार्थियों को बैठने की व्यवस्था की गई थी। जिस पर एडीएम ने मानकों के अनुसार ही सारी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। परीक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही हुई तो संबंधित अधिकारियों को छोड़ा नहीं जाएगा।
चार तरह के होंगे प्रश्नपत्र
हर एक कक्ष में चार लाइनों में अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था है। परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए चार तरह के प्रश्नपत्र तैयार किए गए हैं। ए, बी, सी और डी इन प्रश्नपत्रों में प्रश्न को एक जैसे होंगे, लेकिन प्रश्नों का क्रमांक बदला हुआ रहेगा। इसके अलावा परीक्षा कैमरों की निगरानी में होगी, परीक्षा की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। आयोग द्वारा प्रश्नगत परीक्षा के प्रश्नपत्रों को खोले जाने और परीक्षा के बाद ओएमआर उत्तर पत्र को पैकिंग किए जाने की वीडियोग्राफी कराया जाना अनिवार्य है। केंद्र पर्यवेक्षक प्रश्नपत्रों के सील्ड पैकेट खोलते समय और प्रयुक्त ओएमआर उत्तर पत्रों की पैकिंग के समय की वीडियोग्राफी कराकर उसे मेमोरी कार्ड पर रिकार्ड कर एक सील्ड लिफाफे में रखकर तथा उक्त सील्ड लिफाफे पर वीडियोग्राफी की मेमोरी कार्ड लिखकर आयोग द्वारा नियुक्त सहायक पर्यवेक्षक को उपलब्ध कराया जाएगा।
इन केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा
जिला मुख्यालय पर संचालित राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जीडी मेमोरयिल इंटर कॉलेज पिसनारी बाग, एसडीएम स्कूल हिंदी माध्यम व अंग्रेजी माध्यम, श्रीवर्णी जैन इंटर कॉलेज, श्री दिंगबर जैन सुधासागर कन्या इंटर कॉलेज तलाबपुरा, नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज महावीरपुरा, श्रीदीवान रघुनाथ सिंह इञंटर कॉलेज अजीतापुरा, नेहरु महाविद्यालय समेत तालबेहट के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, श्रीमर्दन सिंह इंटर कॉलेज व श्रीवीणा वादिनी कन्या इंटर कॉलेज तेरई फाटक केंद्रों पर 480-480 अभ्यर्थी और परीक्षा केंद्रों जय बुंदेलखंड कॉलेज ऑफ लॉ पनारी, सरस्वती ज्ञान मंदिर बालिका इंटर कॉलेज, मां शारदा इंटर कॉलेज आजादपुरा, मां अहिल्याबाई होल्कर इंटर कॉलेज नेहरू नगर और पीएन इंटर कॉलेज में 384-384 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
नेहरू महाविद्यालय में आयोजित हुई बैठक
सहायक अध्यापक परीक्षा को शासन की मंशा के अनुरूप नकलविहीन व शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए परीक्षा केंद्र नेहरू महाविद्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान प्राचार्य डा. अवधेश अग्रवाल ने बताया कि केंद्र पर 480 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने परीक्षा के दौरान बरतने वाले दिशा निर्देशों के बारे में कक्ष निरीक्षकों को जानकारी दी और महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। बैठक में केंद्राध्यक्ष डा. पंकज शर्मा, सहायक केंद्राध्यक्ष डा. अनिल सूर्यवंशी समेत अन्य कक्ष निरीक्षक उपस्थित रहे।