कब मिलेगी लो वोल्टेज से निजात, लोग परेशान
दो माह बीते पर नहीं सुधरे हालात, सिर्फ मीटर तक आती है लाइट
अमर उजाला ब्यूरो
पुलवारा
कस्बा बार और आसपास के दर्जनों ग्रामीण अंचल के लोगों को लो वोल्टेज की समस्या से जूझना पड़ रहा है। यह समस्या दिन प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। आलम यह है कि लोगों के घरों में लाइट सिर्फ मीटर तक ही आती है। मोबाइल को चार्ज करने के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। ग्रामीण इलाकों में सरकार द्वारा 18 घंटे विद्युत आपूर्ति के आदेश हैं, लेकिन विभाग सरकारी आदेशों की धज्जियां उड़ाने में ऐढी-चोटी का दम लगा रहा है। इस बार जब से क्षेत्र में गर्मी शुरू हुई, तभी से लो वोल्टेज व बिजली की आंखमिचौली से व्याप्त है। करीब दो महीने से बनी इस समस्या से लोग तंग आ चुके हैं।
भीषण गर्मी के मौसम में चरमराई विधुत आपूर्ति से एवं बड़ी उमस के कारण सरकारी एवं निजी अस्पताल मरीजों से भरे पड़े हैं, साथ ही कस्बे के इन्वर्टर में सोने वाले लोगों को भी रतजगा करने की आदत हो गई है।जिससे लोगों के अन्दर बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश पनप रहा है।
कटिया डालने वालों के खिलाफ मौन रहते जिम्मेदार अधिकारी
लो वोल्टेज की समस्या पैदा होने का सबसे बड़ा कारण ग्रामीण इलाकों में बिजली चोरी करने वाले अवैध कनेक्शन धारी हैं। बिजली विभाग की लचर कार्यप्रणाली के कारण धड़ल्ले से लोगों द्वारा बिजली की चोरी की जाती है और विद्युत विभाग मूकदर्शक बना रहता है। बिजली पर लोड अधिक होने के कारण गर्मी के मौसम में फाल्ट और लो वोल्टेज की समस्या पैदा हो जाती है। इसका खामियाजा कनेक्शनधारियों को भुगतना पड़ रहा है।
पैसे देकर करवाते हैं मोबाइल चार्ज
बार एवं आस -पास के दर्जनों गांवों में बिजली आपूर्ति बाँसी स्थित बिजलीघर से की जाती है। बाँसी बिजलीघर से बार तक 15 किमी लंबी विद्युत लाईन होने के कारण हर समय फाल्ट हो जाना आम बात है। साथ ही बार आते-आते बिजली अन्य गांवों में बंटती आती है। जिससे बार और आसपास के गांवों में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। आलम यह है कि ग्रामीण इलाकों के लोगों को मोबाइल चार्ज करने के लिए बार आना पड़ता है एवं पैसे देकर मोबाइल चार्ज करवाते हैं।