लघु फिल्म से पढ़ाएंगे पर्यावरण का पाठ
परिषदीय विद्यालयों में चलाया जाएगा अभियान
केंद्रीय और नवोदय विद्यालयों में किया जा चुका है प्रयोग
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर।
अब परिषदीय विद्यालयों में पर्यावरण जागरूकता पर आधारित 21 मिनट की लघु फिल्म दिखाकर स्कूली बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का काम किया जाएगा। इससे पहले केंद्रीय विद्यालयों व नवोदय विद्यालयों में इस लघु फिल्म को दिखाया गया है, लेकिन परिषदीय विद्यालय में यह अभियान पहली बार शुरू किया जा रहा है।
हमारी पृथ्वी पर दिन व दिन पर्यावरण का खतरा बड़ता जा रहा है। पर्यावरण संरक्षण के लिए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण जागरूकता अभियान, वृक्ष संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन्हीं अभियानों के क्रम में हाल ही में प्रदेश सरकार ने एक नई पहल शुरू की है। अब जनपद में कक्षा 01 से 08वीं तक संचालित होने वाले सभी परिषदीय विद्यालयों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए पर्यावरण जागरूकता पर आधारित 21 मिनट की लघु फिल्म सभी परिषदीय विद्यालयों में दिखाई जाएगा। इस लघु फिल्म का नाम Our Earth Our Home है। इसमें बताया गया है कि पृथ्वी की संरचना किस तरह हुई और पृथ्वी पर फैल रहे प्रदूषण से हमारी पृथ्वी व पर्यावरण को क्या हानियां पहुंच रही हैं और इसकी रोकथाम के लिए क्या किया जाए। इस संबंध में विगत 03 मई को बेसिक शिक्षा परिषद के पाठ्य पुस्तक अधिकारी अमरेंद्र सिंह ने समस्त मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर दिया है। इसके साथ ही सभी जनपदों में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में इस लघु फिल्म की डीवीडी भी उपलब्ध करा दी गई है। डीवीडी के साथ ही इस लघु फिल्म को राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण् ापरिषद उत्तर प्रदेश लखनऊ की वेबसाइड www.scertup.co.in पर भी अपलोड कर दिया गया है। शासनादेश में यह बताया गया है कि यह लघु फिल्म वर्ष 2009 में पर्यावरण संरक्षण जागरूकता के लिए बनाई गई थी। इस फिल्म को देेश के विभिन्न राज्यों व विदेशों में तक जागरूकता के लिए उपयोग में लाया जा रहा है।
हमारी पृथ्वी हमारी घर है
अवर अर्थ अवर होम नाम की इस लघु फिल्म का उद्देश्य इसके नाम पर ही आधारित हैं। इस फिल्म में बताया कि है कि हमारी पृथ्वी हमारे घर के समान है,इसलिए इसको घर की तरह साफ व स्वच्छ रखना चाहिए और यह हमारा कर्तव्य भी है। वर्तमान में सबसे बड़ी समस्या प्रदूषण की है, जिसको रोकने के लिए हमें पॉलीथीन व प्लास्टिक की अन्य वस्तुओं का उपयोग बंद करना चाहिए, वृक्षों की रक्षा कर संख्या बढ़ाने का काम करना चाहिए क्योंकि पर्यावरण में ऑक्सीजन की कमी हो रही है। इसके साथ ही नदियों व तालाबों में पॉलीथीन में रखकर धार्मिक वस्तुओं व हवन अवशेषों को न फेंकें, पानी की बचत करें, स्कूलों में नर्सरी बनाए आदि जरुरी बातें इस फिल्म में बताई गई हैं। इसके साथ ही इस वीडियों में यह भी बताया गया है कि हम अपनी आने वाली पीढ़ी को विरासत में क्या देकर जा रहे हैं।