फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उम्मीदवार उड़ा रहे आचार संहिता का मखौल

विज्ञापन
विज्ञापन
उम्मीदवार उड़ा रहे आचार संहिता का मखौल
विज्ञापन

ललितपुर। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष/सभासद पद के उम्मीदवार आदर्श आचार संहिता का मखौल उड़ा रहे हैं। कोई सार्वजनिक स्थलों पर राजनीतिक गतिविधियां चला रहा है, तो कइयों ने बिना अनुमति के विभिन्न वार्डों में होर्डिग लगा रखे हैं। इसका ताजा उदाहरण तुवन मंदिर के मुख्य गेट पर एक उम्मीदवार का होर्डिंग लटका है।
निर्वाचन आयोग ने नगर पालिका परिषद के चुनाव को निष्पक्ष बनाने के लिए आदर्श आचार संहिता जारी की है। इसके तहत उम्मीदवार प्रशासन की बगैर अनुमति के रैली, सभा का आयोजन नहीं कर सकता है। इसके अतिरिक्त प्रचार की व्यय सीमा भी तय कर दी है, इसमें यदि कोई उम्मीदवार सभा का आयोजन करता है तो उसे पक्के मंच के निर्माण पर साढ़ेे तीन सौ रुपये प्रति वर्गफुट, बल्ली एवं पटरे से मंच का निर्माण कराने पर पचहत्तर रुपये प्रति वर्ग फुट, हेलीपैड निर्माण पक्का होने पर अठारह हजार रुपये, कच्चा होने पर सोलह हजार रुपये, मंच की बेरीकेडिंग कराने पर बीस हजार रुपये, कूलर लगाने पर पैतालीस रुपये प्रतिदिन, अठारह रुपये प्रति सीलिंग फेन, बाल्टी पर दो रुपये प्रति दिन, कनात पर पचास रुपये प्रति दिन, मजदूर दो सौ बीस रुपये प्रतिदिन, गिलास एक रुपये प्रतिदिन, फ्लैक्स बैनर दस रुपये प्रति वर्गफुट, हैंडविल ढाई सौ रुपये प्रति हजार के हिसाब से व्यय जोड़ना होगा। वहीं, प्रचार में छोटी माला दस रुपये प्रति नग, मध्य आकार की माला तीस रुपये प्रति नग, बड़ा हार सौ रुपये प्रति नग प्रचार व्यय में शामिल करना होगा। इसके बाद भी तमाम उम्मीदवार आयोग द्वारा जारी किए गए निर्धारित रेटों की अनदेखी कर रहे हैं। नगर में जन संपर्क के दौरान कई उम्मीदवार ढोल नगाड़े के साथ मुहल्लों में पहुंच रहे हैं तो कई उम्मीदवार रोजाना माला पहनकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। यही नहीं, समर्थक भी उन्हें माला पहना रहे हैं। चुनाव कार्यालयों में अनाप-शनाप खर्च हो रहा है। वहीं, बिना अनुमति के होर्डिंग अभी भी कई जगहों पर लगे हैं, जिन्हें उतरवाया नहीं गया है। तुवन मंदिर मुख्य गेट पर आजादपुरा के उम्मीदवार का होर्डिंग लगा हुआ है। अध्यक्ष पद के एक उम्मीदवार सार्वजनिक पार्क का इस्तेमाल कर रहे हैं। पार्क में समर्थक एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ राजनीतिक बैठकें हो रही हैं। इस पर प्रशासन की अब तक नजर नहीं पहुंची है जो चर्चा का विषय बन गया है।
विज्ञापन

छिप-छिपकर बांटे जा रहे पैसे
उम्मीदवार विभिन्न जातियों को अपने साथ लेने के लिए मुखिया, माते से सौदा कर रहे हैं। कोई पैसे में मान रहा है तो किसी के साथ धर्मशाला निर्माण, भूमि दान करने के संकल्प किए जा रहे हैं।
विज्ञापन

आचार संहिता उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
जहां भी आचार संहिता का उल्लंघन होगा, उन पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति के राजनीतिक गतिविधियां होती है तो उन्हें कार्रवाई के दायरे में लिया जाएगा।
महेश प्रसाद दीक्षित
एसडीएम सदर ललितपुर।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें