ललितपुर। जिले में कोरोना वायरस संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को एक मासूम समेत 18 व्यक्ति कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए हैं। अब संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2593 पहुंच गई है। इनमें 39 संक्रमितों की मौत हो चुकी और 2270 स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में 284 संक्रमितों का उपचार किया जा रहा है।
वैश्विक बीमारी कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के तमाम प्रयास के बाद भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को एक पांच वर्षीय मासूम समेत 18 व्यक्तियों में संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें शहर के मोहल्ला तालाबपुरा निवासी आठ संक्रमित हैं, जिसमें 25 वर्षीय युवक, 27 वर्षीय युवक, 56 वर्षीय व्यक्ति, 61 वर्षीय व्यक्ति, 62 वर्षीय व्यक्ति, 48 वर्षीय महिला, 62 वर्षीय महिला, 56 वर्षीय महिला संक्रमित है। मोहल्ला महावीरपुरा निवासी 50 वर्षीय महिला, रावतयाना निवासी 62 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में तहसील तालबेहट कस्बा निवासी एक पांच वर्षीय मासूम बालक, 43 वर्षीय महिला, ग्राम पूराकलां निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति, वनगुवां कलां व कंधारीकलां निवासी एक-एक 31 व 60 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित है। ब्लॉक जखौरा अंतर्गत ग्राम राजघाट निवासी दो युवती संक्रमित है। इनमें 19 व 30 वर्षीय कोविड -19 पॉजिटिव है। कस्बा महरौनी के नया बाजार निवासी 51 वर्षीय महिला संक्रमित पाई गई है। इनमें नौ संक्रमित होम आइसोलेशन, दो पॉलिटेक्निक तालबेहट में भर्ती, एक संक्रमित तालबेहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किए गए है। तीन संक्रमित अन्य जनपदों के निवासी है।
992 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी
बीते दिनों से आरटीपीसीआर जांच को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा लिए गए सैंपल की रिपोर्ट समय पर नहीं आ सकी है। ऐसे में सैंपल वाला व्यक्ति रिपोर्ट आने तक क्वारंटीन बना रहता है। यहां पर तीनों से अब तक के 992 व्यक्तियों के सैंपल की आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट आना बाकी है।
रविवार को एक पांच वर्षीय मासूम समेत व्यक्तियों में जांच के दौरान कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमितों से संपर्क कर उपचार की सुविधा मुहैया कराई जा रही है।
- डॉ. प्रतापसिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी