चार को भेजा गया मेडिकल कॉलेज, शेष का बिरधा सीएचसी पर किया गया इलाज
तेरहवीं से लौटते समय पाली-राजगढ़ मार्ग पर हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर लौटते समय शनिवार की रात एक वाहन अनियंत्रित होकर पाली-राजगढ़ मार्ग पर पलट गया। इससे उसमें सवार ग्राम पटौरा खुर्द निवासी महिलाओं और बच्चों सहित 18 लोग चोटिल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से बिरधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
थाना जाखलौन के ग्राम पटौरा खुर्द निवासी कई लोग शनिवार को थाना पाली क्षेत्र के ग्राम राजगढ़ में आयोजित एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए थे। इनमें 10-12 बच्चे और महिलाएं थीं। रविवार की शाम सभी लोडर में सवार होकर घर लौट रहे थे। अभी उनका वाहन पाली-राजगढ़ मार्ग पर पहुंचा ही था कि वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। इससे उसमें सवार सभी लोग नीचे गिर गए और कुछ लोग वाहन के नीचे दब गए। सूचना पर पाली पुलिस मौके पर पहुंची।
दुर्घटना में चोटिल हुए करीब 18 लोगों को एंबुलेंस से बिरधा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां से चिकित्सकों ने बिमला (60), भगवती (45), रामप्यारी (50) और हरकुंवर (35) निवासी ग्राम पटौराखुर्द को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पाली थाना प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि वाहन पलटने से 18 लोग चोटिल हुए थे। दुर्घटना को लेकर जांच की जा रही है।