ललितपुर। जनपद में दो दिन से हो रही बारिश से गोविंद सागर बांध के 18 गेट खोल दिए गए और 18 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की गई। बांध के गेट खुलने से निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए। सिंचाई विभाग व जिला प्रशासन के अधिकारी बांध के जलस्तर सहित निचले इलाकों पर लगातार नजर रखे रहे। एहतियात के तौर पर बांध और शहजाद नदी पुल के दोनों ओर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस तैनात रही। दोपहर बाद बांध का जलस्तर सामान्य होने पर गेट बंद कर दिए गए।
जिले में दो दिनों से हो रही बारिश के चलते मुख्यालय पर स्थित गोविंद सागर बांध का जलस्तर बढ़ने लगा। यह देखकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बुधवार रात को माइक से एनाउंस करवाकर बांध के गेट खोले जाने की जानकारी दी। साथ में निचले इलाकों में निवास करने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंच जाने की अपील की। बांध में लगातार आ रहे पानी और जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए सर्वप्रथम आठ गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू की। बावजूद इसके बृहस्पतिवार को जब बांध का जलस्तर नियंत्रित नहीं हुआ तब 10 गेट और खोले गए। इस प्रकार से बांध के पूरे 18 गेट आठ-आठ फुट खोलकर 18 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जाने लगी। 18 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने से निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हो गए और पुराने सागर रोड पर स्थित नदी के पुल के ऊपर पानी बहने लगा। जिससे यहां आवागमन थम गया। एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए। साथ में सिंचाई विभाग के आलाधिकारी बांध के गेज की निगरानी लगातार करने में जुटे रहे। दोपहर करीब ढाई बजे जब बांध का जलस्तर निर्धारित स्तर पर पहुंचा तब गेट बंद किए गए।
अभी तक जिले में हो चुकी 752 मिमी औसत वर्षा
अगस्त माह के बाद मानसून की रफ्तार सितंबर माह में भी जारी है। बृहस्पतिवार तक जनपद में 752.20 मिली मीटर औसत वर्षा हो चुकी है। जोकि 82.93 फीसदी है। पिछले वर्ष इस दिन तक 493.56 बारिश हुई थी। इस प्रकार जनपद में पिछले वर्ष की तुलना में 250.64 मिली मीटर अधिक बारिश हो चुकी है।
तहसील क्षेत्रों में 24 घंटे में हुई इतने मिमी वर्षा
जनपद में पिछले 24 घंटे में तहसील ललितपुर में 116, महरौनी में 42, तालबेहट में 75, पाली में 50, मड़ावरा में 15 मिली मीटर वर्षा हुई। पांचों तहसील क्षेत्रों में चौबीस घंटेे में कुल 59.60 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई। एक सितंबर से अब तक पांचों तहसीलों में कुल 101.76 मिमी औसत वर्षा रिकार्ड की गई।
बांधों से छोड़ा गया पानी
दो दिन से हो रही बारिश से अधिकांश बांध पूर्ण रूप से लबालब हो चुके हैं। बृहस्पतिवार को राजघाट बांध से 1.40000, शहजाद बांध से 53000, माताटीला 2.60000, कचनौंदा से 5500, जमड़ार से 810, भावनी से 570, जामनी से 1995 क्यूसेक पानी की निकासी की गई। हालांकि शाम तक कुछ बांधों का जलस्तर सामान्य होने पर उनके गेट बंद कर दिए गए।
दो दिनों से हो रही बारिश के चलते गोविंद सागर बांध में पानी की आवक बढ़ने लगी थी। जिस कारण बांध के 18 गेट खोलकर 18 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बृहस्पतिवार दोपहर को जलस्तर सामान्य होने पर गेट बंद कर दिए गए। बांध के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। जलस्तर बढ़ने पर बांध के गेट खोलकर पुन: पानी छोड़ा जाएगा।
इंजी. मनमोहन, अधिशासी अभियंता, राजघाट निर्माण खंड