17 केंद्रों पर शुरू नहीं हो पाई गेहूं खरीद
ललितपुर। अप्रैल के 13 दिन बीतने के बाद भी जिले में खोले गए सभी खरीद गेहूं केंद्र व्यवस्थित तरीके से शुरू नहीं हो पाए हैं। इनमें से 17 केंद्रों पर कांटे नहीं लग सके हैं। इन केंद्रों पर वारदाना व स्टाफ की समस्या भी है। कुल मिलाकर, जिले में अब तक छह हजार मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो पाई है।
जिले में किसानों को सरकारी समर्थन मूल्य का लाभ दिलाने के लिए विभिन्न एजेंसियों ने गेहूं खरीद केंद्र खोले हैं। इनमें 29 खरीद केंद्र खाद्य विभाग की विपणन शाखा में पंजीकृत सोसायटियों ने स्थापित किए हैं। चैंपियन मल्टी स्टेट समिति ने 17, एसीएमएस समिति ने 4, मां वैष्णो समिति ने आठ केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में बनाए हैं। वहीं, 58 केंद्र पीसीएफ के संचालित हो रहे हैं। इनमें से दैलवारा सोसायटी पर खरीद आरंभ नहीं हो सकी है। पीसीएफ ने अब तक 2559.400 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा है। कुल मिलाकर जिले में छह हजार मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है। कई केंद्रों पर वारदानें व स्टाफ की समस्या देखी जा रही है, जिससे अब तक 17 केंद्रों पर गेहूं खरीद शुरू नहीं हो सकी है। किसानों के भुगतान के लिए धन की कमी भी आ रही है। नियमता उपज बेचने के 72 घंटे में किसानों को भुगतान हो जाना चाहिए, लेकिन धन की कमी के चलते ऐसा संभव नहीं हो रहा है। विभागीय अफसरों ने तीन करोड़ रुपये की मांग की है, जिससे खरीद को सुचारु तरीके से चलाया जा सके। अब अफसरों द्वारा सोमवार से सभी केंद्रों पर बिना किसी अवरोध के खरीद आरंभ होने का दावा किया जा रहा है।
केवल दैलवारा समिति के गेहूं खरीद केंद्र पर खरीद प्रारंभ नहीं हो सकी है। बाकी अन्य केंद्रों पर किसानों द्वारा लाए जा रहे उपज की खरीद की जा रही है।
- रमेश कुमार गुप्ता, सहायक निबंधक, सहकारी समितियां
जिले में नब्बे केंद्रों पर गेहूं की खरीद की जा रही है। सत्रह केंद्रों पर वारदाना व स्टाफ की समस्या है, जिसे दूर किया जा रहा है। एक- दो दिन में सभी केंद्रों पर खरीद आरंभ हो जाएगी।
- राकेश त्रिपाठी, जिला खाद्य और विपणन अधिकारी