ग्रामीण क्षेत्रों में खोले जाएंगे 40 हेल्थ सेंटर
ललितपुर। ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए 30 उप केंद्रों और 10 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर खोले जा रहे हैं। इनके संचालित होने से आसानी से मरीजों को इलाज हो सकेगा।
शासन द्वारा हर व्यक्ति को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत जिले में 10 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व 30 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनाया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उपचार के लिए मुख्यालय या अन्य स्थान पर नहीं जाना होगा। गांव में ही लोगों केे प्राथमिक उपचार की सुविधा दी जाएगी। साथ ही सेंटर पर शुगर, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर सहित अन्य जांचें हो सकेंगी। साथ ही एनसीडी सेल के कार्यक्रम के अंतर्गत मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया जाएगा। इसके अलावा एनीमिया, एलबेंडाजोल व अन्य जरूरी दवाएं दी जाएंगी। वेलनेस सेंटर पर कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर (सीएचओ), टेक्निशियन, आशा, एएनएम की तैनाती होगी। इनका प्रशिक्षण कराया जा चुका है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि वेलनेस सेंटर में नियुक्त महिला स्टाफ उनके क्षेत्र के हर गांव में घर-घर जाकर परिवार के हर सदस्य की स्वास्थ्य जांच करवाएंगी और उनका डिजिटल और फिजिकल रिकार्ड रखेगी। डिजिटल रिकार्ड तैयार करने के लिए हर केंद्र पर दो टेबलेट दिए जाएंगे। वेलनेस सेंटर के आसपास के इलाके में रहने वाले 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के बीपी, डायबिटीज एवं गंभीर बीमारियों की नि:शुल्क जांच की जाएगी। जरूरत के अनुसार उनको दवा और परामर्श दिया जाएगा।
यह भी मिलेगी सुविधाएं
हेल्थ वेलनेस सेंटर पर गर्भावस्था, शिशु जन्म देखभाल, नवजात और शिशु जन्म देखभाल, बाल स्वास्थ्य और किशोरावस्था स्वास्थ्य देखभाल, परिवार नियोजन, गर्भनिरोधक सेवाएं, अन्य प्रजनन स्वास्थ्य देखभाल, संचारी रोग का प्रबंधन, वृद्धावस्था में होने वाले रोगों की जांच और उपचार होगा।
शीघ्र ही शुरू कराया जाएगा
कक्षों की रंगाई पुताई होना शेष रह गया है। जो शीघ्र ही कराया जा रहा है। कुछ हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों केे मार्च के पहले सप्ताह में शुरू किया जाएगा।
डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी