पुराने बस स्टैंड के आसपास से हटाया अतिक्रमण
ललितपुर। नगर पालिका परिषद ने तय कार्यक्रम के अनुसार शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इसका असर पुराने बस स्टैंड के इर्दगिर्द ही नजर आया। बाकी जगह रस्म अदायगी दिखने से स्थानीय नागरिकों में असंतोष देखा गया।
शहर के विभिन्न मार्गों व बाजारों में पसरे अतिक्रमण हटाने के लिए ईओ मधुसूदन जायसवाल, सफाई निरीक्षक संदीप कुमार व अन्य पालिका कर्मी जेसीबी के साथ निकले। घंटाघर से पालिका कर्मियों ने इस अभियान की शुरुआत की। कई अतिक्रमणकारियों ने पहले ही अपने खोखे हटा लिए। हालांकि, गेंदालाल पेट्रोल पंप के आसपास पूर्व की भांति अतिक्रमण सजा नजर आया। वहीं, पुराने बस स्टैंड के पास पहुंचते ही पालिका कर्मी सख्त हो गए। यहां उन्होंने देशी शराब की दुकान सहित कई दुकानों के आगे का अतिक्रमण हटवाया। इसके बाद चिंतन पार्क की बारी आई। इसके मुख्य गेट के आगे की दुकान हटवा दी। बीएसएनएल के पास टीनशैड के अंदर का अतिक्रमण हटवाया। इसके बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान फुस्स हो गया। अभियान के दौरान कइयों पर दरियादली दिखाई गई तो गरीब के हाथ ठेला को भी नहीं छोड़ा गया। महत्वपूर्ण बात यह रही कि अतिक्रमण हटाने वाले दल में एसडीएम सदर, सीओ सदर की गैर मौजूदगी देखी गई। बता दें कि पूर्व में डीएम मानवेंद्र सिंह ने अतिक्रमण हटाने का अभियान इन अधिकारियों की मौजूदगी में ही चलाने के लिए निर्देशित किया था। इसके बाद भी अतिक्रमण हटाओ अभियान के लिए अधिकारी फुर्सत नहीं निकाल सके। अब 28 फरवरी को तुवन चौराहे से गिरजाघर, अभिलाषा पेट्रोल पंप होते हुए बस स्टैंड तक चलाया जाएगा।