किसान 10 मार्च तक कर सकेंगे पोर्टल पर शिकायत
ललितपुर। फसल ऋण मोचन योजना के अंतर्गत किसानों को शिकायत निवारण पोर्टल पर शिकायत करने का पूरा अवसर मिल सकेगा। शासन द्वारा अब उक्त योजना के तहत किसानों की समस्याओं के निस्तारण और उनकी समस्याओं को जानने के लिए पोर्टल पर शिकायत करने की समय अवधि बढ़ा दी है। पहले यह पोर्टल पर यह शिकायत अवधि 20 जनवरी तय की गई थी, जिसे बढ़ाते हुए अब 10 मार्च कर दिया गया है। ऐसे में अब किसान फसल ऋण माफी योजना के तहत अपनी शिकायत शासन द्वारा जारी किए गए शिकायत निवारण पोर्टल upkisankarjrahat.upsdc.gov.in पर दर्ज करा सकेंगे। जिला कृषि अधिकारी सदानंद चौधरी ने बताया कि जो किसान पूर्व में अपनी शिकायत दर्ज करा चुके हैं, वह अपनी शिकायत फिर से पोर्टल पर दर्ज न कराएं, उनकी समस्याओं का उक्त शिकायत के आधार पर ही निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिकायत आवेदन करते समय किसान अपना आधार नंबर, केसीसी नंबर और भूमि संबंधी विवरण का भी अंकन कराएं, ताकि शिकायत के निस्तारण के दौरान कोई परेशानी न हो।