आज से चलेगी झांसी-बीना पैंसेजर, साबरमती फिर हुई एक्सप्रेस
ललितपुर। रेल प्रशासन ने दो महीने से रद चल रही और पैसेंजर बनकर चल रही ट्रेनों को फिर से अपनी गति से चलाने का निर्णय लिया है। झांसी-बीना पैसेंजर ट्रेन का संचालन बुधवार से फिर शुरू होगा और साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन फिर से एक्सप्रेस बनकर ही चलाई जाएगी। अभी झांसी-खजुराहो पैसेंजर ट्रेन झांसी-ललितपुर के मध्य ही संचालित होती रहेगी।
कोहरा के चलते एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों की लेटलतीफी से निपटने के लिए रेल प्रशासन द्वारा दो माह पूर्व झांसी-बीना पैसेंजर, झांसी-खजुराहो पैसेंजर ट्रेन के रद्द करने के अलावा साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन को झांसी से बीना के मध्य पैसेंजर बनाकर चलाया जा रहा था। लेकिन, अब कोहरे की समस्या से काफी हद तक राहत मिल गई है और रेलवे विभाग ने ट्रेनों की पुरानी गति लौटाने का प्रयास शुरू कर दिया है। इसी के तहत रेलवे ने 52811/51812 झांसी-बीना पैसेंजर ट्रेन का संचालन 14 फरवरी से शुरू करने का निर्णय लिया है। 19166/19168 एवं गाड़ी संख्या 19165/19167 साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन 14 फरवरी से पूर्व की तरह अपने निर्धारित समय सारणी के अनुसार ही चलाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा 51817/51818 झांसी-खजुराहो पैसेंजर ट्रेन झांसी से ललितपुर स्टेशन के मध्य 14 फरवरी से अग्रिम आदेशों तक रद्द रहेगी।