खंभे नहीं सुधरने से सवा सौ गांवों में अंधेरा
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। चार दिन पूर्व आई आंधी से बांसी क्षेत्र की हाइटेंशन लाइन के खंभे टूटने से सवा सौ गांवों में अंधेरा पसरा है। बृहस्पतिवार की देर शाम भी खंभे व तार नहीं लगाए जा सके। इससे बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी है।
जिला के सैकड़ों गांव चार दिन से अंधेरे में डूबे हैं। आंधी के कारण बांसी विद्युत सब स्टेशन को जाने वाली 33 केवी लाइन के नौ विद्युत खंभे सोमवार की देर शाम को टूट गए थे। इसके बाद मंगलवार की बारिश और हवा में भी 11 हजार केवी लाइन के हाइटेंशन तार व खंभे टूटे थे। इसके बाद बांसी सब स्टेशन में स्थापित बांसी, बार और लनखनपुरा फीडर के अंतर्गत सवा सौ गांव की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। हालांकि, जखौरा सब स्टेेशन से बांसी व लखनपुरा फीडर को जोड़कर बुुधवार को बिजली सुचारू करने का प्रयास किया गया, लेकिन जखौरा सबस्टेशन पर लोड अधिक होने से मात्र बांसी कस्बा की ही बिजली चालू हो सकी। लेकिन, तीनों फीडरों के सवा सौ गांव की बिजली आपूर्ति बृहस्पतिवार की देर शाम तक सुचारू नहीं हो सकी। बता दें कि 132 केवी सब स्टेशन से बांसी विद्युत सब स्टेशन को जाने वाली 33 केवी लाइन के नौ हाइटेंशन विद्युत खंभे सोमवार की शाम करीब साढ़े सात बजे टोल प्लाजा के आगेे ग्राम चीरा के पास बारिश व तेज हवा केे चलते टूट गए थे। बार फीडर के दर्जनों फीडर के कठवर, रमपुरा, खेरा, धनगौल, भुजऊपुरा, बमनगुवां, चिलौआ, तुर्का, बस्तगुवां, पुलवारा, धमना समेत करीब पांच दर्जन गांव में तीन दिन बाद अब भी अंधेरा पसरा हुआ है। वहीं बाईपास विद्युत सब स्टेशन के तहत कल्यानपुरा व नदनवारा फीडर के तहत खंभे टूटने से कल्यानपुरा, बिरारी, श्यामपुरा, टोर, हरपुरा, बानौनी, टेनगा, आदि गांव में बिजली बृहस्पतिवार को भी ठप रही।