संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। लघु सिंचाई विभाग ने जीर्णशीर्ण चेकडैमों की मरम्मत के लिए कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी थी। शासन ने इनकी मरम्मत के लिए एक करोड़ की धनराशि निर्गत कर दी थी। अब चेकडैमों की मरम्मत शुरू हो गई है।
इन चेकडैमों में विकास खंड तालबेहट के तीन, जखौरा के तीन, बिरधा के तीन, महरौनी के दो, मड़ावरा के दो व बार के चार चेकडैम शामिल हैं। दो अन्य चेकडैम के लिए शासन से धनराशि मांगी गई है। इन चैकडेमों के जर्जर होने से जल संरक्षण ठीक से नहीं हो रहा था, इससे किसानों को काफी परेशानी हो रही थी। इन सभी चेकडैमों से 150 हेक्टेयर से अधिक भूमि सिंचित की जाती है। वर्तमान में जलभराव कम होने के कारण सिंचित जमीन का रकबा कम हो गया था। मरम्मत होने के बाद करीब चार सौ किसानों को लाभ मिलेगा। ये सभी चेकडैम ऐसे नालों पर बनाए गए हैं, जिनमें बरसात के समय उफान आ जाता है, इसके बाद वे सूखे रहते हैं। बारिश के पानी के संरक्षण के लिए ये चेकडैम सहायक होते हैं। इससे वर्ष भर किसानों व मवेशियों को पानी मिलता है।
-
शासन से चेकडैमों की मरम्मत के लिए धनराशि मांगी गई थी। शासन ने धनराशि निर्गत कर दी है, इससे 17 चेकडैमों की मरम्मत की जा रही है।
नैयर आलम, अधिशासी अभियंता, लघु सिंचाई विभाग।