तालबेहट (ललितपुर)। मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में 167 शिकायतें आई, जिसमें मौके पर मात्र पांच का निस्तारण किया गया।
शिकायतों का निस्तारण करते हुए डीएम ने कहा कि तहसील दिवस में आने वाली शिकायती पत्रों का अधिकारी मौके पर जाकर गुणवत्ता पूर्ण तरीके से निस्तारण करें। साथ ही उन्होेंने कहा कि शिकायती पत्रों के निस्तारण में किसी भी तरह की कोताही बर्दास्त नहीं कि जाएगी।
तहसील दिवस में युवा जाग्रति मंच के कार्यकर्ताओं ने नगर की लचर बिजली व्यवस्था के खिलाफ शिकायती पत्र देते हुए बताया कि नगर में रात्रि कालीन अघोषित बिजली कटौती से जनता काफी परेशान है। जिस पर जिलाधिकारी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर जमकर उनकी खबर ली तथा शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वहीं, नृपेंद्र जैन ने सरकारी बीज बोने के बाद उर्द की बर्बाद फसलों को मुआवजा दिलाने एवं दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
तहसील दिवस में कुल 167 शिकायती पत्र आए, जिसमें सबसे अधिक राजस्व विभाग के 35, पुलिस के 28, विकास 19, स्वास्थ्य के 7, शिक्षा के 8, पूर्ति विभाग के 24 तथा 48 अन्य विभागों से संबंधित शिकायती पत्र आए।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक मोहम्मद इमरान, उपजिलाधिकारी हरीओम शर्मा, क्षेत्राधिकारी कुंवर बहादुर सिंह सहित समस्त विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।