नौतपा समाप्त, फिर भी रविवार खूब तपा
ललितपुर। नौतपा के दिन शनिवार को समाप्त होने के एक दिन बाद भी रविवार भीषण गर्मी के कारण खूब तपा और तापमान फिर से 44 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि रविवार को छुट्टी होने के चलते लोग तपन भरी गर्मी से बचने के लिए घरों में ही दुबके रहे, जबकि कुछ लोगों ने बांध, कुंडों में जाकर गर्मी से राहत ली।
25 मई से नौतपा शुरू होकर दो जून को समाप्त भी हो गए, लेकिन सूरज की तपन अपने चरम पर है। रोजाना तापमान 44 से 46 डिग्री तक पहुंच रहा है। नौतपा के मध्य में 28 मई को तो ललितपुर का तापमान 48 डिग्री तक पहुंच गया था, जो अभी तक का सबसे गर्म दिन रहा था। हालांकि उसके बाद भी नौतपा के दिनों में तापमान रोजाना 45, 46, और 47 तक पहुंचता रहा, जिसके चलते पूरे दिन भर गर्म हवाएं चलती रहीं। अब दो जून को नौतपा भी खत्म हो गए, लेकिन गर्मी का असर और धूप की तपन अब भी बरबरार है। रविवार को सुबह दस बजे से तापमान 41 डिग्री पहुंच गया, इसके बाद दोपहर तीन बजे तापमान 43 डिग्री तक रहा, इसके बाद शाम चार बजे तापमान फिर से 44 डिग्री तक पहुंच गया।
इसी प्रकार शनिवार को भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक रहा। रविवार को दिन में तपन से बचाव के लिए लोग छुट्टी होने के चलते अधिकांशत: घरों में ही दुबके रहे। जबकि कुछ बच्चे परिजनों के साथ बांध और तालाब में डुबकी लगाकर गर्मी से बचने के उपाय करते रहे और काफी देर तक मस्ती करते देखे गए। तेज धूप और लू के कारण सुबह से लेकर शाम तक रविवार को छुट्टी के दिन सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। दोपहर में तो अघोषित कर्फ्यू जैसी स्थिति रही। आए दिन जिले का अधिकतम तापमान एक से दो डिग्री कम या ज्यादा हो रहा है, जिससे फिलहाल एक सप्ताह तक अब भी तापमान की ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि उमस भी बढ़ने की संभावना रहेगी, जिससे लोगों की मुश्किलें फिलहाल और भी बढ़ सकती हैं।