डूब क्षेत्र की जमीन में फसल नहीं बोने पर भी लगान का नोटिस
ललितपुर। थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम बंदरगुढ़ा, सेवपुरी के ग्रामीणों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर राजघाट बांध डूब क्षेत्र में जमीन नहीं निकलने और फसल नहीं बोने के बाद भी उन्हें लगान का नोटिस देने की शिकायत की है। कर्मचारियों द्वारा लगान नहीं भरने पर उनका पट्टा निरस्त कर दूूसरों को देने की धमकी का आरोप भी लगाया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन में बताया है कि उनकी जमीन राजघाट बांध भराव क्षेत्र में डूबने के कारण राजघाट बांध के नाम रजिस्टर्ड बैनामा है। जिसमें उक्त जमीन समय से निकलने पर किसानों को डूब क्षेत्र में खेती के लिए पट्टे दिए जाते हैं और जो जमीन समय से नहीं निकलती है उक्त जमीन पर वह खेती नहीं पाते हैं। गांव की जमीन खेती के समय खाली नहीं होने पर फसल नहीं बोई गई। लेकिन, राजघाट बांध में तैनात एक कर्मचारी गांव के किसानों को नोटिस देकर पैसा जमा करने के लिए दबाब बना रहा है। किसानों ने राज्यपाल से मामले की जांच कराकर लगान नहीं देने और कर्मचारी का अन्यत्र स्थानांतरण करने की मांग की है। ज्ञापन पर दोमादर सिंह, सुरेंद्र सिंह, प्रतिपाल, मलखान सिंह, सुमित्रा, गुलाब, रामकुंवर, आदि के हस्ताक्षर हैं।