रेल मंत्री को बर्खास्त करें मोदी: रघु ठाकुर
ललितपुर। लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय संरक्षक रघु ठाकुर ने रेलवे की अव्यवस्था को लेकर रेल मंत्री को कठघरे में खड़ा किया। कानून व्यवस्था पर योगी सरकार को घेरा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को योग एवं आध्यात्म मंत्रालय देने की प्रधानमंत्री को सलाह दी तो रेल मंत्री पीयूष गोयल को बर्खास्त करने की मांग की।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मोदी सरकार के लिए आगामी बजट एवं संसद सत्र अग्निपरीक्षा साबित होगा। पीएम ने जिन्हें रेल मंत्री बनाया है, उन्होंने जनता को मायूस किया है। रेलगाड़ियों में न तो बिजली, न ही पानी और न ही फर्स्ट एड की व्यवस्था है। शताब्दी व राजधानी जैसी गाड़ियों में एसी फेल चल रहे हैं। केरल एक्सप्रेस में जो यात्रियों की मौत हुई, वह कोई प्राकृतिक नहीं थी बल्कि अव्यवस्था द्वारा की गई हत्या है। रेल मंत्री के पास रेल को दिशा देने के लिए कोई प्लान नहीं है। छह साल पहले विभिन्न रेल लाइनों का सर्वेक्षण हुआ, उन पर अभी तक काम शुरू नहीं हो सका है। पहले रेल बजट पृथक से आता था, उसे वित्त बजट में शामिल करा दिया। प्रधानमंत्री को चाहिए कि वे रेल मंत्री को बर्खास्त कर अन्य किसी को मौका दें।
यूपी में पत्रकारों की गिरफ्तारी पर घोर निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि यूपी में आए दिन हत्या और बलात्कार जैसी घटनाएं हो रही हैं। लेकिन, प्रदेश सरकार अब तक प्रशासनिक कसावट नहीं ला पाई है। उनके गृह जनपद गोरखपुर में ही अस्पतालों में आक्सीजन के अभाव में बच्चे मर रहे हैं। तीन साल होने के बाद भी गोरखपुर की व्यवस्थाएं ठीक नहीं कर पाए हैं। प्रदेश में बिजली, पानी का संकट बना हुआ है। यही हाल मध्य प्रदेश का है। दोनों प्रदेश के सीएम चाटुकारों में घिरे हुए हैं। उन्होंने यूपी के सीएम को मोदी सरकार में योग एवं आध्यात्म मंत्री बनाने की नसीहत दी। इस मौके पर राष्ट्रीय सचिव राघवेंद्र सिंह सिसौदिया, पार्टी जिलाध्यक्ष हरपाल सिंह, रामशंकर पुरोहित, बृजकिशोर जैन व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।