आंगनबाड़ी केंद्रों पर मिलें शौचालय एवं पेयजल की सुविधा
ललितपुर। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलाधिकारी ने जिला पोषण समिति की बैठक लेते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों पर शौचालय एवं पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम मानवेंद्र सिंह ने जनपद में आयोजित होने वाले सुपोषण स्वास्थ्य मेले के नामित नोडल अधिकारियों को नियमित रूप से भ्रमण कर अनुश्रवण करने के निर्देश दिए। वित्तीय वर्ष 2018-19 में मनरेगा कन्वर्जेन्स योजना अन्तर्गत निर्मित हो रहे 150 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य नामित कार्यदायी सस्थाओं द्वारा समयबद्ध रूप से किया जाये। वर्तमान में जनपद में 72 आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण कार्य प्लिंथ स्तर पर, 58 आंगनबाडी केन्द्र भवन का निर्माण लिंटेल स्तर पर एवं 20 आंगनबाडी केन्द्र भवन का निर्माण कार्य छत स्तर पर है।
चयनित सुपोषित गावों का नामित नोडल अधिकारियों द्वारा प्रभावी पर्यवेक्षण/ अनुश्रवण एवं नियमित रिपोर्टिग के लिए निर्देश निर्गत किए गए साथ ही पोषण पुनर्वास केन्द्रों पर सन्दर्भित बच्चों के प्रभावी ईलाज/पोषण स्तर में सुधार लाने के लिए कहा। अविद्युतीकृत आंगनबाड़ी केन्द्रों की सूची तैयार कर उन्हें विद्युतीकृत कराये जाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी ललितपुर, पाली, महरौनी व तालबेहट, जिला कार्यक्रम अधिकारी पुष्पा वर्मा, तहसीलदार मड़ावरा, डीसी मनरेगा आदि अफसर मौजूद रहे।