पुराना कोतवाल आवास खाली होगा, बनेगी पुलिस चौकी
ललितपुर। जिला पंचायत की जमीन पर बीच शहर में बना पुराना कोतवाल आवास खाली होगा। 850 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बने आवास को खाली करके 150 वर्ग मीटर जमीन चिह्नित की जाएगी और वहां पुलिस चौकी बनाई जाएगी, बाकी जमीन जिला पंचायत के कब्जे में रहेगी। प्रदेश के कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने लखनऊ में पिछले दिनों हुई बैठक में यह निर्देश दिए हैं।
पुराने कोतवाल आवास का मामला उच्च न्यायालय में पहुंचने के बाद से इस पर सबकी निगाहें लगी हुई थीं। चूंकि, यह जमीन शहर के बीचोंबीच मेन मार्केट में है, इसलिए इस पर कई लोगों की नजर थी। पिछले दिनों कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में गठित कमेटी को इस पर निर्णय लेने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस पर कमेटी ने पुराने कोतवाल आवास की ड्रोन कैमरे से फोटोग्राफी कराई थी। डीएम ने भी जिला पंचायत के पक्ष में अपनी रिपोर्ट लगाई थी। हाईकोर्ट ने भी समस्या का समाधान करने को कहा था।
इसी क्रम में कृषि उत्पादन आयुक्त ने बैठक कर निर्देश दिए कि चूंकि मौके पर लंबे समय से कुछ भाग पर पुलिस का कब्जा है, इसलिए जनहित और जनसुरक्षा की दृष्टि से निर्णय लिया गया कि 150 वर्ग मीटर जमीन जिला पंचायत की ओर से पुलिस विभाग को नि:शुल्क दी जाएगी, जिस पर पुलिस चौकी का निर्माण कराया जाएगा। पुलिस चौकी के लिए जमीन किस ओर दी जाएगी, यह निर्णय जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व अपर मुख्य अधिकारी करेंगे। बैठक में पंचायती राज विभाग को यह भी निर्देश दिए गए कि इस निर्णय पर मुख्यमंत्री का अनुमोदन ले लिया जाए।
बता दें कि नई कोतवाली शिफ्ट होने के बाद कोतवाल का आवास भी शिफ्ट हो गया था, लेकिन पुराने कोतवाल आवास में वर्षों सें कब्जा चला आ रहा है। आवास में स्वास्थ्य विभाग में काम करने वाला एक कर्मचारी रहता है। यहां पर पिछले दिनों अनाधिकृत रूप से बिजली चोरी भी पकड़ी गई थी।
शासन में बैठक हुई थी, जिसमें निर्णय लिया गया कि पुलिस चौकी को जमीन देने के अलावा बाकी जमीन पर जिला पंचायत का कब्जा रहेगा। जल्द ही पुलिस चौकी के लिए जमीन चिह्नित की जाएगी।
- रमेश चंद्र, प्रभारी अपर मुख्य अधिकारी