लेखपालों की समस्याओं का निराकरण करने की मांग
ललितपुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने संवर्ग में व्याप्त समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की है। डीएम को दिए गए ज्ञापन में उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल निराश्रित गोवंश के संरक्षण एवं पोषण के लिए गोशालाओं का निर्माण एवं उनके पोषण के लिए भूसा की व्यवस्था के लिए प्रत्येक ग्राम में भूसा बैंक की स्थापना कर जन सहयोग से उसमें भूसा संग्रहीकरण का कार्य जिलाधिकारी के आदेश पर प्रत्येक ग्राम में लेखपालों के द्वारा किया जा रहा है।
इसमें लेखपालों ने किसानों के साथ बैठक कर निराश्रित गौवंश के पोषण के लिए भूसा दान करने के लिए प्रेरित किया गया है। इस पर तहसील ललितपुर में पांच हजार क्विंटल भूसा व तहसील तालबेहट में 43 कुंतल, पाली में 52 कुंतल, महरौनी में 52 कुंतल, मडावरा में 03 हजार कुंतल भूसा एकत्रित किया गया है। जिससे जिल में कुल 22 हजार सात सौ कुंतल भूसा लेखपालों के सहयोग द्वारा एकत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि भूसा एकत्रित करने के लिए अन्य कर्मचारियों को भी लगाया गया था। लेकिन उनके द्वारा अब तक कोई सहयोग नहीं किया गया है। इसके बावजूद भी तहसील स्तरीय अधिकारियों द्वारा कार्यवाहियां कर वर्तमान में लेखपालों पर अनावश्यक दबाब बना मानसिक व आर्थिक रुप से प्रताड़ित किया जा रहा है। इतना ही नहीं लेखपालों को कोई संसाधन भी उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में सभी लेखपाल कार्य करने में असमर्थ हैं। उन्होंने मांग की है कि तहसील स्तरीय अधिकारियों के द्वारा की गईं कार्रवाईयों को शीघ्र ही समाप्त किया जाए। जिससे वह मानसिक व आर्थिक दबाब में न रहकर कार्य कर सकें। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। साथ ही बीते दिनों में लेखपालों पर हुई कार्रवाईयों का निराकरण किया जाए। अवशेष देयकों का भुगतान समय नहीं किया जा रहा है। जिसका शीघ्र ही समय पर भुगतान किया जाए। ज्ञापन पर जिलाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह बुंदेला व जिला मंत्री ब्रजकिशोर गुप्ता, देवशरण उपाध्याय के हस्ताक्षर बने हैं।