नहीं रही चहल-पहल
ललितपुर। अमरपुर स्थित नवीन गल्ला मंडी में मतगणना के दौरान गेट के बाहर आमतौर पर इकट्ठे रहने वाले पार्टियों के समर्थक नजर नहीं आए। इस कारण अघोषित कफ्यू जैसे हालात रहे। दरअसल, लोकसभा चुनाव के परिणाम जानने के लिए पार्टी समर्थक सुबह से ही मतगणना स्थल के इर्दगिर्द जमा हो जाते थे, इन्हें संभालने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ती थी। लेकिन, अबकी बार इसके उलट नजारा दिखाई दिया। तेज गर्मी होने के कारण अमरपुर मंडी के गेट के बाहर इक्का दुक्का लोग ही नजर आए। वह भी कुछ देर रुकने के बाद वापस चले गए। केवल पुलिस के कर्मचारी ही ड्यूटी देते नजर आए। यहां पर कुछ दुकानदार भी अस्थाई रूप से ठंडे पानी की बोतल, खरबूज और ककड़ी बेचने के लिए बैठे रहे, लेकिन उन्हें भी मायूसी हाथ लगी। दरअसल, वह बहुत अच्छी बिक्री की उम्मीद लेकर आए थे। लेकिन, सन्नाटा पसरा रहने के कारण वह मायूस हो गए।