नतीजे जानने को टेलीविजन से चिपके रहे लोग
ललितपुर। बृहस्पतिवार को लोकसभा चुनाव परिणाम जानने के लिए हर वर्ग में बेताबी नजर आई। अधिकतर लोग सुबह से ही टेलीविजन देखने में जुटे रहे। हर कोई चुनाव नतीजों को लेकर बेचैन रहे। लोकसभा आम चुनाव के परिणामों को जानने की हर किसी में उत्सुकता थी। सुबह से ही टेलीविजन पर मीडिया चैनल के सामने लोग जुटने लगे थे। राजनीतिक परिदृश्य को लेकर लोगों में आपस में बहस भी जारी रही। विभिन्न चौराहों पर अधिकांश दुकानदारों के प्रतिष्ठानों पर एक जैसा माहौल रहा। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले किसान व मजदूर वर्ग के अधिकांश लोग टेलीविजन पर चुनाव नतीजों को जानने के लिए जुटे रहे। हालत यह रही कि जिन दुकानों पर टेलीविजन लगा था, वहां नतीजों जानने वाले लोगों की भीड़ जुटी रही। शहर के अधिकतर मोहल्लों में भी लोग देश के नेतृत्व की भावी तस्वीर को लेकर गंभीर दिखे। यहां सभी लोग अपने अन्य कार्यों को छोड़कर केवल टेलीविजन पर नजरें लगाए बैठे रहे, जिससे शहर में सन्नाटा सा पसरा रहा। यहां मौजूद लोगों की जुबान पर केवल चुनाव नतीजों के ही सवाल थे। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भी नतीजों को लेकर काफी उत्सुकता भरा माहौल रहा। वे परिणामों के बारे में पल-पल की सूचनाएं लेते रहे।