ललितपुर। छह विकास खंडों में 1.55 लाख संभावित डुप्लीकेट मतदाता हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से भेजी गई सूची में इन नामों का खुलासा हुआ है। डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची सत्यापन कराने के लिए बीएलओ को सौंप दी गई है। बीएलओ घर-घर जाकर सूची का सत्यापन कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि इनमें कई नाम शहर और गांव दोनों जगह की सूची में शामिल हैं। सत्यापन के बाद सही तस्वीर सामने आएगी।
अलग-अलग विकास खंड में 1.55 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची जारी कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेश पर इन मतदाताओं की सूची सत्यापन कराने के लिए बीएलओ को भेज दी गई है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी के चलते राज्य निर्वाचन आयोग ने आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की मदद से सूची तैयार की है, जिसमें एक लाख 55 हजार 868 मतदाता ऐसे हैं, जिनके नाम दो-दो जगह हैं। कुछ वोटर ऐसे भी हैं जो शहर, कस्बा और गांव में मतदान करते आ रहे हैं। जिले में कुल नौ लाख 50 हजार 593 मतदाता हैं, जिसमें 806616 ग्रामीण इलाकों में और 1,43,977 मतदाता शहर में हैं।
नगर पालिका के कई मतदाता हैं प्रधान व जिला पंचायत सदस्य
ग्रामीण इलाकों की बड़ी आबादी शहर में निवास कर रही है। वे नगर पालिका व नगर पंचायत में वोटर भी बन गए हैं। साथ ही उनका नाम गांव की वोटर लिस्ट में भी बरकरार है। पंचायत चुनाव आते ही वह गांव की राजनीति में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। कई प्रधान व जिला पंचायत सदस्य ऐसे हैं, जो शहर के मतदाता होने के बाद भी गांव की राजनीति कर रहे हैं।
-
आयोग से जारी डुप्लीकेट मतदाता की सूची
ब्लॉक - डुप्लीकेट मतदाता
मड़ावरा - 16460
तालबेहट- 30487
महरौनी - 17446
बार - 23502
बिरधा- 30786
जखौरा- 37187
0000000000000000000
योग - 155868
00000000000000000
राज्य निर्वाचन आयोग से प्राप्त संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची सभी बीएलओ को उपलब्ध करा दी गई है। बीएलओ इसका सत्यापन कर रहे हैं। सत्यापन पूर्ण होने पर ही डुप्लीकेट मतदाताओं की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।-अंकुर श्रीवास्तव, उपजिला निर्वाचन अधिकारी।