शहर में जाम के झाम से जूझे लोग
ललितपुर। शहर में शदीद गर्मी के साथ लोगों को जाम के झाम से भी जूझना पड़ रहा है। सोमवार को दिन में 11 बजे ही जेल चौराहे स्थित ब्याना नाला के पुल और पिसनारी के ब्याना पुल पर वाहनों की कतारें लगी रहीं। इससे लोग चिलचिलाती धूप में घंटों खड़े रहे। तमाम लोगों ने जाम लगा देख अपना रास्ता ही बदल लिया।
शहर का विस्तार होने के साथ ही सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ा है। इनकी संख्या लगातार बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। इसके हिसाब से शहर की सड़कें व पुल चौड़े नहीं हो सकें हैं, इसके उलट सड़कों के इर्दगिर्द अतिक्रमण भी बढ़ा है। इसके अलावा सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग का भी स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इससे शहर में आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। सोमवार को जेल चौराहा स्थित ब्याना नाला पर जाम लग गया। यहां आड़े तिरछे वाहनों के घुसने से दिन में लगभग ग्यारह बजे पुल के दोनों ओर लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बन गई। हालत यह रही कि पैदल चलने वाले राहगीरों को भी निकलना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में सभी वाहनों चालकों व अन्य लोगों को चिलचिलाती धूप में घंटों खड़ा रहना पड़ा। ऐसा ही हाल शहर के पिसनारी राजघाट रोड पर रहा। ब्याना पुल पर भी दोनों ओर से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जेल चौराहे पर जाम लगने से अधिकांश बसों का आवागमन घुसयाना स्थित पुल से होता है। बस का समय निश्चित होने से बस चालक हवाई पट्टी होकर निकल जाते हैं। लेकिन दोनों ओर से आड़े-तिरछे वाहनों के खड़े होने से जाम लग गया। हालांकि कड़ी मशक्कत के बाद यातायात पुलिस ने दो घंटों से अधिक समय बाद जाम की स्थिति से निजात दिला पाया।
-------------
कुछ दिनों से शहर में अधिक वाहनों का आवागमन हो रहा है। इसके साथ ही पार्किंग की सुविधा न होने से जाम की स्थिति बन रही है लेकिन जाम की स्थिति बनने से रोकने का प्रयास किया जाएगा।
- नासिर अली, सहायक यातायात प्रभारी