बिजली के खंभे से टकराई थानाध्यक्ष की कार
ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत कृष्णा टाकीज के पास एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में जाखलौन थानाध्यक्ष की कार बिजली के खंभे से जा टकराई, जिसमें थानाध्यक्ष घायल हो गए। शहर स्थित व्यस्ततम स्टेशन मार्ग पर दुर्घटनाएं आए दिन बढ़ती ही जा रही हैं। शुक्रवार की रात करीब एक बजे जाखलौन थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार सिंह अपने निजी चार पहिया वाहन से कृष्णा टाकीज के पास से वर्णी चौराहा की ओर आ रहे थे कि अचानक एक बाइक सवार उनकी कार के सामने आ गया, जिसे बचाने के चलते थानाध्यक्ष ने कार दूसरी ओर मोड़ दी और कार अनियंत्रित होकर बुंदेला आवास के सामने एक बिजली के खंभे से जा टकराई, जिससे वह घायल हो गए। जानकारी मिलने पर पुलिस कर्मियों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक एमएम बेग समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने देर रात जिला अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना। हालात में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उन्हें झांसी रेफर कर दिया।